टनकपुर/चम्पावत। टनकपुर रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद द्वारा डिपो के सहायक महाप्रबंधक (संचालन) की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा विरोध प्रदर्शन किया गया। सोमवार को कर्मियों ने रोडवेज डिपो परिसर में धरना प्रदर्शन कर नारेबाजी की। कहा कि सहायक महाप्रबंधक के क्रियाकलापों के कारण डिपो को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है।
आरोप है कि कर्मचारियों के बार-बार आग्रह करने के बाद भी निगम की ऑफ रोड बसों को ऑन रोड नहीं किया जा रहा है। इससे निगम को कुछ महीनों में 5 करोड़ रुपयों का नुकसान हो रहा है। कर्मचारियों ने बताया कि मंडलीय प्रबंधक (तकनीकी) ने 20 अप्रैल को ऑफ रोड बसों का मूल्यांकन किया गया था। जिसमें डिपो में सितंबर 2025 से 11 ऑफ रोड बसों को संचालित नहीं करने से 4.91 करोड़ से अधिक का नुकसान और ऑफ रोड बसों के टैक्स के रूप में जमा की गई 7.18 लाख रुपये से अधिक की राशि को मिलाकर 5 करोड़ से अधिक का नुकसान होना पाया गया था। परिषद ने कहा कि लापरवाह अधिकारी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
क्षेत्रीय कर्मचारी संगठन के अध्यक्ष भूपाल सिंह ने बताया कि डिपो व कर्मियों के हित में धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है, जो मांग पूरी होने तक जारी रहेगा। आज 27 अप्रैल को क्षेत्रीय अध्यक्ष भूपाल सिंह और मंत्री राजेंद्र बिष्ट के नेतृत्व में दिनेश भट्ट, पंकज पंत, कर्नाटक, संजीव कुमार, भूपाल सिंह, विक्रम सिंह, मोहित, जगदीश सामंत, शशांक त्रिपाठी आदि धरने पर थे।
टनकपुर रोडवेज परिसर में धरना प्रदर्शन करते कर्मचारी।