टनकपुर/चम्पावत। चंपावत जनपद की सबसे बड़ी नगर पालिका टनकपुर का वर्ष 2026-27 का बजट पारित हो गया है। शुक्रवार को पालिका सभागार में पालिकाध्यक्ष विपिन कुमार की अध्यक्षत व ईओ ऋषभ कुमार के संचालन में आहूत पालिका बोर्ड की बैठक में 7.36 लाख रुपये के लाभ का बजट संकल्प पारित किया गया।
गत वर्ष के अवशेष 1103.38 लाख और मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 की अनुमानित आय 2626.22 लाख रुपये को मिलाकर कुल संभावित आय 3729.60 लाख रुपये है। जबकि इसके सापेक्ष 3722.24 लाख रुपये के व्यय का प्रावधान रखा गया है। इसके अलावा टनकपुर नगर क्षेत्रांतर्गत विभिन्न वार्डो में गैस पाइप लाइन बिछाने के लिए गैसोनेट सर्विसेज लिमिटेड को अनापत्ति देने का प्रस्ताव भी पास किया गया। वर्ष 2025-26 की बैलेंस सीट बनाने, नगर पालिका परिषद के सदस्यों के पालिका स्तर से पहचान पत्र बनाने, नशा छोड़ो खेल अपनाओं भावना के अंतर्गत वार्डों में खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ओपन जिम एवं खेलकूद के सामान उपलब्ध कराए जाने और नगर क्षेत्र के अंतर्गत मस्जिद की सीढ़ियों के नीचे पड़े लिगैसी वेस्ट का शीघ्र निस्तारण किए जाने की कार्यवाही किए जाने का संकल्प पारित किया गया। बोर्ड बैठक में नगर क्षेत्र टनकपुर की सफाई व्यवस्था को और अधिक बेहतर बनाने और मां पूर्णागिरी मेले की व्यवस्थाओं और मेले की सफाई व्यवस्था के संबंध में चर्चा की गई।
बैठक में पालिका सभासद दिनेश कुमार,हसीब अहमद,दिलदार अली, वकील अहमद,वर्षा शर्मा,सव्या बाल्मीकी,चर्चित शर्मा,आशा भटट,बबीता वर्मा, शैलेंद्र सिंह व सविता बिष्ट के अलावा पालिका कर्मी भी मौजूद रहे।
नगरपालिका बोर्ड बैठक में मौजूद अध्यक्ष व सभासद