टनकपुर/चम्पावत। बुधवार देर शाम टनकपुर चम्पावत एनएच पर ककराली गेट के निकट एक अनियंत्रित कार ने शाम की सैर पर निकले दो लोगों को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के साथ ही कार भी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में उक्त मार्ग पर ईवनिंग वॉक पर निकले दो लोगों समेत कार सवार दो लोग भी घायल हो गए। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल ईवनिंग वाक पर जा रहे दो लोगों में एक को गम्भीर चोट लगने के कारण हायर सेंटर रेफर किया गया है। अन्य का टनकपुर उप जिला चिकित्सालय में उपचार चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक बुधवार की देर शाम ककराली गेट के निकट मोड़ पर चम्पावत की ओर जा रही स्विफ्ट कार संख्या (UK07AB/ 8114) अनियंत्रित होकर सड़क किनारे ईवनिंग वॉक पर जा रहे दो लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में वाक पर जा रहे राजीव आर्या (50) निवासी कर्मचारी कॉलोनी,वार्ड नंबर 6 और सतीश पंत (60) निवासी नायकगोठ,पूर्णागिरि, टनकपुर घायल हो गए। दोनों को टक्कर मारने के बाद कार भी दुर्घटनाग्रस्त हो गई जिसमें कार चालक दलजीत सिंह (33) और कमल सिंह (27) निवासी कटरा वैष्णो देवी,जम्मू-कश्मीर भी घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल स्थानीय उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। जहां उपचार कर रहे चिकित्सक डॉ. नौनिहाल सिंह ने बताया कि राजीव आर्या के बाएं पैर में फ्रैक्चर है जिसकी गंभीर स्थिति को देख उन्हें हायर सेन्टर रेफर किया गया है वहीं सतीश पंत की कमर में चोट आई है। बताया कि कार चालक व उसके साथी के सिर व हाथ में चोटें आई हैं जिनका उपचार जारी है। कोतवाल चेतन रावत से पूछने पर बताया कि कार सवार चम्पावत की ओर जा रहे थे बताया की मामले की जांच जारी है।
दुर्घटना में घायल राजीव आर्य व सतीश पन्त।