टनकपुर/चम्पावत। टनकपुर डिपो में उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन की डिपो कार्यकारिणी के चुनाव सर्वसम्मति से संपन्न हो गए। निगम परिसर में नीरज सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में रवि शर्मा को डिपो अध्यक्ष तथा प्रवीण जोशी को डिपो मंत्री चुना गया। इस मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों द्वारा दोनों पदाधिकारियों को बधाइयां दी गईं। नव निर्वाचित पदाधिकारियों ने निगम एवं कर्मचारियों के हित में कार्य करने का संकल्प लिया।
इस दौरान हुई बैठक में कर्मचारियों ने रोडवेज की दयनीय आर्थिक स्थिति पर भी मंथन किया गया। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम से हुए समझौते के विपरीत बसों के संचालन पर भी चर्चा की गई। कर्मचारियों द्वारा डग्गामारी समाप्त करने,डिपो को नई बसें उपलब्ध कराने,ऑफ रूट बसों को ऑन रूट करने सहित कई मांगों को प्रमुखता से उठाया गया। बैठक के दौरान गौरव शर्मा ने इंप्लाइज यूनियन छोड़कर उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन की सदस्यता ग्रहण की। चुनाव प्रक्रिया में धीरज फर्त्याल, सुरेंद्र चिलवाल, शेर सिंह बिष्ट, पूरन सिंह, गौरव शर्मा, अनुराग सिंह, लईक हसन, पूरन सिंह, हर्ष बहादुर चंद, सुरेश राणा, वसीम अहमद, संतोष, मनोज आदि शामिल थे।
रोडवेज परिसर में निर्वाचित पदाधिकारियों के साथ कर्मचारी।