टनकपुर/चम्पावत। टनकपुर में रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद की ट्रैफिक शाखा का आंदोलन समाप्त हो गया है। मंडलीय प्रबंधक आलोक बनवाल से मिले आश्वासन के बाद परिषद द्वारा गत 13 अप्रैल से चलाया जा रहा धरना प्रदर्शन फिलहाल समाप्त कर दिया गया है। कर्मचारियों का कहना है कि मांगों पर अमल न होने की सूरत में पुनः आन्दोलन किया जाएगा।
कर्मचारी संयुक्त परिषद के क्षेत्रीय अध्यक्ष भूपाल सिंह के मुताबिक गत रविवार शाम मंडलीय प्रबंधक आलोक बनवाल ने कर्मचारियों से वार्ता कर एक सप्ताह के भीतर ऑफ रूट बसों को ऑन रूट करने का आश्वासन दिया है। साथ ही अन्य मांगों पर भी कार्रवाई का भरोसा दिया गया है। आश्वासन के साथ ही कर्मचारियों ने धरना प्रदर्शन फिलहाल समाप्त करने का निर्णय लिया है। साथ ही चेतावनी दी है कि अगर निर्धारित तिथि तक आश्वासन पूरा नहीं हुआ,तो परिषद द्वारा फिर से आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा। वार्ता में शाखा अध्यक्ष कौशल कर्नाटक, शाखा मंत्री पंकज पंत, मोहित, धीरज सिंह, जगदीश सामंत, अशोक बोरा, कमल रावत, संजीव कुमार, शशांक त्रिपाठी, दरबार राम, सुनील चंद, दीपक, नरेंद्र तिवारी, भूपेश गहतोड़ी, हरि जोशी, सुखदेव सिंह, प्रमोद जोशी,नवीन सिंह कुंवर,रविंद्र मुरारी आदि शामिल थे।