टनकपुर/चंपावत। उत्तराखंड मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष ध्रुव रौतेला द्वारा चम्पावत पहुंच सूचना कार्यालय का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने विभाग द्वारा संचालित प्रचार प्रसार गतिविधियों की जानकारी ले राज्य सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने के लिए इसके व्यापक और प्रभावी प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।
उपाध्यक्ष रौतेला ने पत्रकारों की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में सरकार और जनता के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करते हैं।उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा भविष्य में पत्रकार हितों को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। इस दौरान जिला सूचना अधिकारी ने जनपद में मीडिया प्रबंधन, समाचार संप्रेषण एवं प्रचार-प्रसार की वर्तमान व्यवस्था की जानकारी प्रस्तुत की। साथ ही उन्होंने जनपद के पत्रकारों से संबंधित विभिन्न प्रकरणों के बारे में भी विस्तार से अवगत कराया। निरीक्षण के दौरान बाल आयोग के सदस्य योगेश रजवार, सूचना संरक्षक आशा गोस्वामी, सुधीर कुमार, गीता मेहर, खीमानंद जोशी, लक्ष्मण राम, रोहित कुमार, कमल मेहरा आदि मौजूद थे।
चम्पावत सूचना कार्यालय का निरीक्षण करते उपाध्यक्ष ध्रुव रौतेला।