टनकपुर/चम्पावत। रविवार को गोल्ज्यू संदेश यात्रा की चंपावत के गोरलदेव मंदिर प्रांगण से शुरुआत हो गई है। आज 19 अप्रैल को अक्षया तृतीया के दिन यात्रा का चम्पावत से शुभारंभ हुआ जहां से यात्रा टनकपुर पहुंची। यहां एकत्र हुए श्रद्धालुओं द्वारा यात्रा का धार्मिक रीति रिवाजों व पारंपरिक परिधानों के साथ जोरदार स्वागत एवं अभिनंदन किया। टनकपुर शहर के मुख्य मार्गों से गुजरने के बाद यात्रा शहर स्थित सुप्रसिद्ध सीताराम माई मन्दिर पहुंची जहां एकत्र भक्तों द्वारा स्वागत सत्कार के साथ ही पूजा अर्चना की गई। इसके उपरांत यात्रा तय स्टेशन को रवाना हो गई।
इससे पूर्व यात्रा प्रारम्भ केन्द्र चम्पावत स्थित गोल्ज्यू मंदिर में पूजा-अर्चना हुई। जहां धार्मिक गतिविधियां पंडित बसंत बल्लभ पांडेय ने कराई। देवडांगरों ने भक्तों को आशीर्वाद दिया। गौरतलब है कि यह यात्रा हर दो वर्ष में होती हैं। श्री गोल्ज्यू संदेश यात्रा संयोजक विजय भट्ट के नेतृत्व में शुरू हुई श्री गोल्ज्यू संदेश यात्रा का श्रीगणेश आज 19 अप्रैल को अपरान्ह 2 बजे हुआ। सचिव सतीश चंद्र पांडेय ने बताया कि यात्रा का उद्देश्य धर्म, अध्यात्म, संस्कृति और परंपरा का संरक्षण करना है। आज यात्रा टनकपुर तक पहुंची। 22 दिनी यात्रा विभिन्न स्थानों के मंदिर में जाएगी। समापन चंपावत के गोरल देव मंदिर में 9 मई को होगा। इस मौके पर उपाध्यक्ष डॉ. श्याम सिंह कार्की, सुधीर शाह, एडवोकेट शंकर दत्त पांडेय, डंगरिया कमल जीना, गौरव कार्की, सौरभ कार्की,दीपांशु कार्की, पृथ्वीपाल कार्की के साथ ही टनकपुर में शिवालय मन्दिर के पुजारी सहित वैभव अग्रवाल,नवल किशोर आदि अनेक भक्तगण मौजूद थे।
टनकपुर शहर क्षेत्र पहुंची गोलज्यू संदेश यात्रा।