टनकपुर/चम्पावत। जिला मुख्यालय चम्पावत स्थित गोरल चौड़ मैदान में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता के पूर्व अभ्यास के दौरान जैवलिन (भाला) लगने से पालिटेक्निक चौथे सेमेस्टर के छात्र सोमेन्द्र सिंह की मौत हो गई। मृतक के पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। इस घटना की जानकारी लगने के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं बेटे की मौत के कारण सदमे में गई मां दीपा बोहरा भी अचेत हो गई। घटना के कारण पालिटेक्निक की खेलकूद प्रतियोगिता को भी स्थगित कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक चम्पावत स्थित गोरल चौड़ मैदान में आज शुक्रवार 18 अप्रैल को राजकीय पॉलिटेक्निक की वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिताएं शुरू होनी थीं। मैदान में सभी छात्र अभ्यास के लिए पहुंचे थे और प्रतियोगिताएं कुछ ही देर बाद संचालित होनी थीं। मैदान में प्रातः कुछ छात्र फुटबॉल का अभ्यास कर रहे थे और कुछ युवक जैवलिन थ्रो। इसी दौरान जैवलिन थ्रो कर रहे एक छात्र का भाला फुटबॉल की प्रैक्टिस कर रहे छात्र सोमेंद्र सिंह बोहरा(19) को जा लगा। बताया जा रहा है कि भाला कंधे के बगल में गर्दन के पास अंदर तक धंस गया। घायल को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने कुछ ही समय बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लिया और पंचनामा भरने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया।
मछियाड़ गांव निवासी सोमेंद्र सिंह बोहरा चंपावत राजकीय पॉलीटेक्रिक के चौथे सेमेस्टर के छात्र थे और यहां जूप में मां के साथ रहते थे। उनके पिता भोपाल सिंह बोहरा गुजरात में एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। परिवार में सोमेंद्र के अलावा 3 बहनें हैं। इकलौते बेटे की मौत से मां सदमे में हैं। कई बार अचेत मां दीपा बोहरा का इलाज किया किया जा रहा है। वहीं परिवार और क्षेत्र के लोग इस वाकये से गमजदा हैं। जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ.हीरा सिंह ह्यांकी ने बताया कि अस्पताल पहुंचने के कुछ ही देर बाद सोमेंद्र सिंह बोहरा की मौत हो गई थी। उनके कान के नीचे चोट लगी थी। चोट हल्की थी,लेकिन जेवलिन(भाला) लगने की वजह से आंतरिक चोट लगी हो सकती है। घटना की जानकारी के बाद डीएम मनीष कुमार, सीएमओ डॉ. देवेश चौहान, पुलिस के अधिकार सहित तमाम लोगों द्वारा अस्पताल पहुंच अपनी संवेदनाएं व्यक्त की जा रही हैं।
सोमेंद्र सिंह, (फाईल फोटो)।