टनकपुर/चम्पावत। टनकपुर स्थित शारदा नदी से खनन कार्य का जिम्मा संभाल रही मां शारदा खनन शक्तिमान यूनियन द्वारा खनन क्षेत्र में खनन निकासी मात्रा बढ़ाने की मांग उठाई है। उक्त मांग को लेकर खनन कारोबारियों ने अध्यक्ष मनोज गुप्ता के नेतृत्व में आज 17 अप्रैल को सीएम कैम्प कार्यालय के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा है।
यूनियन के मुताबिक गत वर्ष भी खनन निकासी मात्रा 3.38 घन मीटर निर्धारित थी जो वर्तमान में भी उतनी ही है। उक्त मात्रा अप्रैल माह में ही समाप्त होने की स्थिति में है। यूनियन द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में 1 लाख घन मीटर निकासी मात्रा और बढ़ाने की मांग की गई है। यूनियन के अध्यक्ष मनोज गुप्ता के नेतृत्व में खनन स्वामियों ने सीएम कैंप कार्यालय के माध्यम से भेजे ज्ञापन में कहा है कि खनन समय से पहले बंद होने पर इससे जुड़े मजदूरों, वाहन स्वामियों और स्थानीय व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। इससे सैकड़ों परिवारों की आजीविका प्रभावित होने की आशंका है। उक्त ज्ञापन की प्रति वन विकास निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक हल्द्वानी एवं परियोजना प्रबंधक शारदा खनन टनकपुर को भी भेजी गई है। ज्ञापन में मदन जोशी,रघुवीर,चन्दू चन्द,पंकज जोशी, जाहिद हुसैन, नसीब, कमलेश शर्मा, रईस अहमद,रहमान, शाहिद,नजीर हुसैन,कुंडल महर,संदीप आदि के हस्ताक्षर हैं।
सीएम कैम्प कार्यालय में कारोबारियों के साथ ज्ञापन सौंपते यूनियन अध्यक्ष।