टनकपुर/चंपावत। टनकपुर-पिथौरागढ़ एनएच पर एक बड़ी दुर्घटना होने से टल गई। फिल्मी अंदाज में कार की जोरदार टक्कर से जहां 1 पैराफिट जमींदोज हुआ वहीं दूसरे पर रगड़ लगी और तीसरे पैराफिट पर कार के बाई तरफ के दो टायर चढ़ गए। टनकपुर-पिथौरागढ़ एनएच (राष्ट्रीय- राजमार्ग) पर टनकपुर से लगभग 61 किलोमीटर दूर धौन के पास 15 अप्रैल अपरान्ह दोपहर हुई दुर्घटना में बड़ा हादसा होने से टल गया।
आज बुधवार को पिथौरागढ़ निवासी गिरधर सिंह आज अपनी पत्नी और चाची के साथ कार सं. (UK05 E/ 2460) में सवार हो हल्द्वानी से पिथौरागढ़ जा रहे थे। यात्रा के दौरान एनएच पर टनकपुर से करीब 61 किमी दूर धौन के पास एकाएक कार असंतुलित हुई और दो पैराफिटों से टकराने के बाद तीसरे के ऊपर कार फिट हो गई। गनीमत यह रही कि कार पैराफिट में फिट हो गई अन्यथा बाई तरफ करीब 150 फीट गहरी खाई थी। जिस जगह हादसा हुआ, वहां सड़क ठीक थी और पर्याप्त चौड़ी भी थी। जानकारी के मुताबिक दुर्घटना से ठीक पहले कार में सवार एक महिला को उल्टी हुई। संभवत: इसी दौरान कार चालक का ध्यान भटका और कार का संतुलन बिगड़ा और यह हादसा घटित हुआ। बहरहाल क्रेन के जरिए कार को दुर्घटना स्थल से हटा लिया गया है।
एन-एच पर दुर्घटनाग्रस्त कार।