टनकपुर/चम्पावत। गत 26 सितंबर 2023 को दो स्कूटी सवारों को तेंदुए के हमले से बचाने वाले ग्राम छीनीगोठ टनकपुर निवासी टैक्सी स्वामी राजू धामी को चम्पावत डीएम द्वारा सम्मानित किया गया। सोमवार 13 अप्रैल को डीएम मनीष कुमार ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
इस मौके पर राजू धामी द्वारा उस दिन हुए घटनाक्रम की भी जानकारी दी। डीएम ने मानव-वन्य जीव संघर्ष के इस वाकये में उनके प्रयास की सराहना कर सभी के लिए प्रेरणादाई बताया। गौरतलब है कि इससे पूर्व गत 28 दिसंबर 2023 को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा भी टनकपुर दौरे में राजू धामी की बहादुरी की सराहना कर माल्यार्पण कर अभिनंदन किया गया था।
मालूम हो कि टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गत 26 सितंबर 2023 को टनकपुर से दूर आठवें मील के पास टनकपुर से स्कूटी से अपने घर सूखीढांग जा रहे दो सवारों में से एक पूरन तिवारी (50) पर तेंदुए ने हमला कर दिया था। तेंदुआ स्कूटी सवार को घसीट कर ले जा रहा था, तभी चंपावत से टनकपुर जा रही टैक्सी कार के स्वामी राजू धामी और कुछ अन्य यात्रियों ने पत्थरों से हमला कर तेंदुए से उनको छुड़ा अस्पताल पहुंचा कर बुरी तरह घायल पूरन तिवारी की जान बचाई थी।
राजू धामी को शाल ओढ़ाकर सम्मानित करते डीएम।