टनकपुर/ चंपावत। जिला मुख्यालय चम्पावत में अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलनरत आंबनबाड़ी कार्यकर्ताओं का धरना प्रदर्शन सोमवार को भी जारी रहा। सोमवार 13 अप्रैल को आंगनबाड़ी ने चम्पावत स्थित गांधी चौक से मोटर स्टेशन होते हुए भैरवा चौराहे तक नारेबाजी के साथ जुलुस निकाला और सरकार के विरूद्ध जमकर नारेबाजी की।
इस दौरान 9 हजार में दम नहीं, 24 हजार से कम नहीं के नारे के बीच चंपावत मोटर स्टेशन से धरना स्थल तक निकाले गए जुलूस में सैकड़ों कार्यकर्ती और सहायिकाएं मौजूद रहीं। धरना स्थल पहुंचर उन्होंने सभा की और सरकार पर आंगनबाड़ीकार्यकर्ताओं की उपेक्षा का आरोप लगाया। कहा कि जब तक उनकी मांगे पूरी नहीं होती वे आंदोलन जारी रखेंगी। बाद में धरना स्थल पर एडीएम केएन गोस्वामी और जिला कार्यक्रम अधिकारी पीएस बृजवाल पहुंचे। इस बीच संगठन की जिलाध्यक्ष मीना बोहरा के नेतृत्व में एडीएम के माध्यम से सरकार को ज्ञापन सौंपा गया। 4 अप्रैल से आंदोलन कर रहीं कार्यकर्ताओं को कांग्रेस और उत्तराखंड क्रांति दल का साथ मिल रहा है। आज के आन्दोलन के दौरान इन राजनीतिक दलों के नेताओं द्वारा धरना स्थल पहुंच समर्थन दिया गया।
आज संगठन की जिलाध्यक्ष मीना बोहरा के नेतृत्व में निकाले गए जुलूस व सभा में संगठन की चंपावत ब्लॉक अध्यक्ष दीपा पांडेय, प्रदेश सदस्य विमला पनेरू, प्रदेश महामंत्री गोविंदी मेहता, ब्लॉक उपाध्यक्ष ममता लीलावती जोशी, अनीता रावत, सोनम मेहरा, पुष्पा मेहरा, तुलसी सेठी, हेमा थ्वाल, राजेश्वरी, शशिप्रभा, गीता आर्या, गीता बिष्ट सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
आंगनबाड़ी की ये हैं मांगेंः
मानदेय को 9300 से बढ़ाकर 24 हजार करने, बायोमैट्रिक से उपस्थिति की अनिवार्यता समाप्त करने, समय पर मानदेय देने, सेवानिवृत्त होने पर 10 लाख रुपये की एकमुश्त धनराशि देने, विभाग में रिक्त पदों पर जिलेवार कार्यकताओं की पदोन्नति सुनिश्चित करने, कार्यकर्ताओं को उनके भ्रमण एवं विभागीय कार्यों हेतु नियमानुसार यात्रा भत्ता और दैनिक भत्ता प्रदान करने, बीएलओ और अन्य गैर-विभागीय कार्यों में लगाई जाने वाली ड्यूटी पर फोन का रिचार्ज और टीए-डीए।
चम्पावत में जुलूस निकाल धरने पर बैठीं आंगनबाड़ी।