टनकपुर/चंपावत। बीते 24 घंटों में चंपावत जिले के सभी क्षेत्रों में जमकर बारिश हुई। सबसे ज्यादा चंपावत में 88 मिलीमीटर बारिश हुई। जबकि सबसे कम 30 मिलीमीटर बारिश पाटी में हुई वहीं टनकपुर में 81.60 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
जनपद चम्पावत के मैदानी क्षेत्र टनकपुर और बनबसा में हुई बारिश से खेतों में काटे गए गेहूं की फसल को नुकसान हुआ है। बारिश से टनकपुर-जौलजीबी रोड को गत दिवस देर शाम खोल दिया गया था। वहीं टनकपुर क्षेत्र में हुई भारी बारिश से शहर क्षेत्र में भी जलभराव होने से लोगों का घरों से निकलना भी दूभर हो गया था। जलभराव की मुख्य वजह सफाई के अभाव में नालियों का चोक होना रहा जिस कारण नालियों की गंदगी सड़कों व फूटपाथों पर बह रही थी। गंदगी बढ़ने के कारण इन दिनों मच्छरों का प्रकोप भी खासा बढ़ गया है जो गम्भीर बिमारियों के खतरे के बढ़ा रहा है साथ ही कहीं न कहीं टनकपुर नगरपालिका प्रशासन की सफाई व्यवस्था की पोल खोल रहा है।
इधर गत दिवस बुधवार को हुई बारिश के विपरीत आज 9 अप्रैल को मौसम में खासा बदलाव हुआ है। तेज धूप से मौसम खिला है। इससे कल की अपेक्षा तापमान में भी इजाफा हुआ है। आज 9 अप्रैल को न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बारिश के कारण शहर के मुख्य मार्ग पर जलभराव का नजारा।