टनकपुर/चम्पावत। हरिद्वार में आयोजित 8वीं राज्य स्तरीय उत्तराखंड यूथ बॉक्सिंग बालक एवं बालिका प्रतियोगिता में चंपावत जिले ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। बालक एवं बालिका वर्ग की उक्त प्रतियोगिता में टनकपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त कर ओवरऑल चैम्पियनशिप की ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। उक्त प्रतियोगिता में चंपावत जिले ने 3 स्वर्ण सहित कुल 8 पदक जीते।
गत 3 से 5 अप्रैल तक हरिद्वार में हुए 8वीं राज्य स्तरीय उत्तराखंड यूथ बॉक्सिंग में मुक्केबाजी प्रशिक्षक ललित कुंवर के नेतृत्व में टीम ने उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन करते हुए 3 स्वर्ण,1 रजत एवं 4 कांस्य पदक जीते। प्रियांशु कुमार (50 किग्रा), राहुल गड़िया (60 किग्रा) एवं अनुज महर (65 किग्रा) ने स्वर्ण पदक जीता। जबकि हर्षित थापा (75 किग्रा) ने रजत पदक हासिल किया। उत्सव सिंह यादव (55 किग्रा), अर्जुन सिंह (65 किग्रा) एवं सोहेल राणा (70 किग्रा) ने कांस्य पदक अपने नाम किया।
जिलाधिकारी चम्पावत मनीष कुमार ने इस बेहतरीन प्रदर्शन पर खिलाड़ियों को बधाई दी है। जिला क्रीड़ा अधिकारी चंदन सिंह बिष्ट, स्टेडियम प्रभारी मुकेश शर्मा सहित अन्य अधिकारियों एवं खेल प्रेमियों ने भी शानदार प्रदर्शन पर खिलाड़ियों को बधाई दी है।
ट्राफी के साथ बाक्सिंग खिलाड़ी।