टनकपुर। डीएम मनीष कुमार ने प्रसिद्ध पूर्णागिरि धाम पहुंच मेले का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मेला क्षेत्र में सुरक्षा,स्वच्छता,पेयजल,विद्युत आपूर्ति,स्वास्थ्य सेवाएं एवं यातायात प्रबंधन सहित विभिन्न व्यवस्थाओं को देखा। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के मातहतों को मेले में पहुंच रहे श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने हेतु सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित एवं सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश भी दिए। इस मौके पर मौजूद मन्दिर समिति अध्यक्ष पंडित किशन तिवारी ने बताया कि समिति द्वारा मेला क्षेत्र में व्यवस्थाएं बनाए रखने हेतु पर्याप्त स्वयंसेवक तैनात किए गए हैं।
डीएम ने विशेष रूप से मेला क्षेत्र की सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ कर पर्याप्त शौचालयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा नियमित कूड़ा निस्तारण करने को कहा। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग को मेला क्षेत्र में चिकित्सा टीमों की सतत तैनाती सुनिश्चित करने तथा आपात स्थिति से निपटने के लिए एम्बुलेंस सेवाएं हर समय उपलब्ध कराने के साथ ही पेयजल आपूर्ति की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए। सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए उन्होंने पुलिस विभाग को निर्देशित किया कि भीड़ प्रबंधन के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहे तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए। इसके अलावा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने हेतु आवश्यक डायवर्जन एवं पार्किंग व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश भी दिए गए। डीएम ने सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित,स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ जीएस खाती,उपजिलाधिकारी अनुराग आर्या,मेला मजिस्ट्रेट ललित मोहन,पुलिस उपाधीक्षक वंदना वर्मा सहित मेला समिति अध्यक्ष किशन तिवारी व संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
मेला क्षेत्र का निरीक्षण करते डीएम।