टनकपुर/चम्पावत। जिलाधिकारी के निर्देश पर चम्पावत जनपद में संचालित अपना स्कूल अपनी जमीन अभियान के तहत माध्यमिक शिक्षा के अंतर्गत कुल 105 विद्यालयों में से 77 विद्यालयों की जमीन की रजिस्ट्री व दाननामा के साथ दाखिल-खारिज की प्रक्रिया पूर्ण कराई जा चुकी है। इनमें विकासखंड बाराकोट के 15, पाटी के 24, लोहाघाट के 14 तथा चम्पावत के 24 विद्यालय शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 20 माध्यमिक विद्यालयों के प्रकरणों का तहसील स्तर पर परीक्षण किया जा रहा है। अब तक 142 प्राथमिक विद्यालयों को भी अपनी जमीन मिल चुकी है।
प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह ने बताया कि जनपद में शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित कुल 646 विद्यालयों की भूमि के स्वामित्व निर्धारण हेतु राजस्व एवं शिक्षा विभाग के बीच समन्वित प्रयास किए जा रहे हैं। कुल 541 प्राथमिक विद्यालयों में से 142 विद्यालयों के पास पूर्ण रजिस्ट्री एवं दाखिल-खारिज की पुष्टि हो चुकी है। वहीं 156 विद्यालयों में रजिस्ट्री व दाननामा उपलब्ध है, जिनके दाखिल-खारिज की प्रक्रिया जारी है। इसके अतिरिक्त 125 विद्यालयों के प्रकरण तहसील स्तर पर नोटिस के माध्यम से अग्रसारित किए गए हैं। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि तहसील स्तर पर चल रही परीक्षण एवं वैधानिक प्रक्रियाओं के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि जनपद का प्रत्येक विद्यालय अपनी स्वयं की भूमि पर सुरक्षित एवं गौरवपूर्ण रूप से स्थापित हो सके। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों, तहसीलदारों एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान की गति को बनाए रखते हुए समयबद्ध रूप से सभी लंबित प्रकरणों का निस्तारण सुनिश्चित करें। बताया कि अभियान का उद्देश्य विद्यालयों को अतिक्रमण से सुरक्षित रखना, भूमि विवादों को समाप्त करना तथा प्रत्येक विद्यालय को स्पष्ट कानूनी स्वामित्व प्रदान करना है।