चम्पावत। डीएम चम्पावत मनीष कुमार द्वारा शनिवार को टनकपुर-पिथौरागढ़ एनएच पर स्वाला क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने कार्यदायी संस्था को इसी माह यानी अप्रैल के अंत तक ट्रीटमेंट का काम पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्य की वर्तमान स्थिति,गुणवत्ता,तकनीकी मानकों तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं का अवलोकन भी किया।
डीएम ने पहाड़ी क्षेत्र (हिल साइड) में बैंच कटिंग तथा डाउन साइड में सुरक्षा दीवार (सेफ्टी वाल) के निर्माण कार्य में और तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि सड़क की मजबूती एवं यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। कहा कि सड़क निर्माण के कार्यों में गुणवत्ता सर्वोपरि है, किसी भी स्तर पर लापरवाही या मानकों की अनदेखी स्वीकार्य नहीं होगी।
डीएम जिला अस्पताल भी पहुंचे और निर्माणाधीन क्रिटिकल केयर यूनिट के कार्यों का भी जायजा लिया। एमआरआई कक्ष सहित क्रिटिकल केयर यूनिट के निर्माणाधीन आइसोलेशन वार्ड,आईसीयू ब्लाक,आपरेशन थियेटर एवं एक्स-रे कक्ष का अवलोकन कर सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के अनुरूप पूर्ण करने के निर्देश दिए। गौरतलब है कि जिला अस्पताल में क्रिटिकल केयर यूनिट में आईसीआईसीआई फाउंडेशन की ओर से सीएसआर मद से एमआरआई मशीन स्थापित की जा रही है, जिसका काम अंतिम चरण में है। यूनिट के अंतर्गत चार आइसोलेशन वार्ड,दो आईसीयू वार्ड,दो अत्याधुनिक आपरेशन थियेटर,एमआरआई कक्ष,एक्स-रे कक्ष सहित अन्य आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी।