टनकपुर/देहरादून। चम्पावत को एकसाथ दो दर्जा मंत्री मिले हों। पूर्व जिला पंचायत सदस्य मुकेश महराना को चाय विकास सलाहकार परिषद का अध्यक्ष तो पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष व प्रदेश मंत्री हेमा जोशी को उत्तराखंड राज्य महिला आयोग का उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। दोनों को राज्यमंत्री का दर्जा दिया गया है।
इससे पूर्व वरिष्ठ भाजपा नेता श्याम नारायण पाण्डेय को वन एवं पर्यावरण सलाहकार समिति उपाध्यक्ष के ओहदे से नवाजा जा चुका है। इस प्रकार अब तक चम्पावत को कुल तीन दर्जा राज्यमंत्री मिल चुके हैं।
बनाए गए दोनों राज्यमंत्रियों के सियासी सफर की बात करें तो मुकेश महराना ने महाविद्यालय छात्रसंघ अध्यक्ष के रूप से अपनी राजनीति शुरू की उसके बाद वर्ष 2007 में बिरगुल जिला पंचायत सीट से निर्विरोध निर्वाचित हुए थे। उक्त सीट उनके स्वर्गीय चाचा मदन महराना की मार्ग दुर्घटना में मौत होने से खाली हुई थी। वर्ष 2019 में मुकेश महराना क्षेत्र पंचायत सदस्य बने परन्तु वे ब्लाक प्रमुख का चुनाव हार गए थे।
वहीं हेमा जोशी को भाजपा ने वर्ष- 2006 में पार्टी के जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी इसके बाद श्रीमती जोशी को भाजपा ने वर्ष 2012 के विधान सभा चुनाव में चम्पावत से पार्टी प्रत्याशी बनाया परन्तु उन्हें चुनाव में हार का सामना करना पड़ा। उन्हें भाजपा द्वारा वर्ष 2022 में प्रदेश मंत्री बनाया गया। उक्त सफर में उन्हें अब वर्ष 2026 में राज्य महिला आयोग का उपाध्यक्ष बनाया गया है। बनाए गए दोनों दर्जा राज्यमंत्रियों के समर्थकों में खुशी की लहर है।