टनकपुर। स्थानीय स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेलो इंडिया अस्मिता सिटी वॉलीबॉल लीग 2025-26 का दो दिवसीय आयोजन सोमवार को सम्पन्न हो गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ गत 29 मार्च को बतौर मुख्य अतिथि टनकपुर के कोतवाल चेतन सिंह रावत द्वारा किया गया। उक्त प्रतियोगिता में कुल 14 टीमों ने प्रतिभाग किया जिसका फाइनल मुकाबला टनकपुर की टीम ने जीता।
उक्त प्रतियोगिता के दूसरे व आंखिरी दिन सेमीफाइनल एवं फाइनल मुकाबले खेले गए। सोमवार को फाइनल मुकाबला टनकपुर स्टेडियम और सिटी कॉन्वेंट खटीमा की टीम के मध्य खेला गया। उक्त रोमांचक मुकाबले में टनकपुर स्टेडियम की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए सिटी कॉन्वेंट खटीमा को 25-22, 25-12 के अन्तर से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि उप जिलाधिकारी एवं पूर्णागिरी मेला मजिस्ट्रेट डॉ.ललित मोहन तिवारी रहे, वहीं विशिष्ट अतिथि के तौर पर प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी चंदन सिंह बिष्ट, वॉलीबॉल एसोसिएशन चंपावत के अध्यक्ष सरदार अवतार सिंह एवं सचिव चंदन सिंह मेवाड़ी मौजूद रहे। इससे पूर्व रविवार को प्रतियोगिता के प्रथम दिवस पर उत्तराखंड ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डॉ. डीके.सिंह सहित स्टेडियम के कोच,वरिष्ठ वॉलीबॉल सहित अन्य खिलाड़ी भी मौजूद रहे। समापन दिवस पर बॉक्सिंग कोच ललित कुंवर, शारीरिक शिक्षिका कल्पना आर्य,वरिष्ठ खिलाड़ी उमेश पाण्डे,जगदेव सिंह,अमन जोशी,साक्षी सिंह,विवेक सिंह, शुभम रावत सहित टीम मैनेजर,कोच व अन्य खिलाड़ी भी मौजूद रहे।