टनकपुर/पूर्णागिरी धाम। सोमवार प्रातः मां पूर्णागिरि देवी के दर्शन कर लौट रहे एक श्रद्धालु का अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने से निधन हो गया। मृतक श्रद्धालु पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश के शाहाजहांपुर जिले का निवासी बताया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के ग्राम सराई गईया निवासी निखिल (30) पुत्र अभिषेक गुप्ता अपने एक अन्य साथी धीरज के साथ गत रविवार 29 मार्च को देवी के दर्शनों को मां पूर्णागिरि धाम पहुंचे थे। 30 मार्च सोमवार की सुबह दोनों ने देवी के दर्शन कर पूजा अर्चना की। मां पूर्णागिरी देवी दर्शन के बाद दोनों लोग वापस भैरव मंदिर की ओर लौट रहे थे,इसी बीच यात्रा मार्ग में काली मंदिर से कुछ ही दूरी पर निखिल का अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने लगा। आननफानन में उन्हें धाम क्षेत्र स्थित स्वास्थ्य शिविर ले जाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें टनकपुर उप जिला अस्पताल लाया गया,जहां पहुंचने से पूर्व उनकी मौत हो गई। चिकित्सक डॉ.मोहम्मद उमर द्वारा निखिल को मृत घोषित किया गया। चिकित्सक डा.उमर के मुताबिक मृतक को अन्य गम्भीर बिमारी थीं जिसके चलते यात्रा मार्ग मे दिल का दौरा पड़ने से निखिल की मौत हुई है। गौरतलब है कि गत 27 फरवरी से शुरू हुए सुप्रसिद्ध मां पूर्णागिरी धाम के सरकारी मेले में पिछले 32 दिनों में तबीयत बिगड़ने से अब तक 3 श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है।