टनकपुर/सितारगंज। टनकपुर से तस्करी कर ले जाई जा रही अवैध देशी शराब की खेप सितारगंज पहुंचने से पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ गई। पुलिस ने स्विफ्ट कार में 21 पेटियां भरकर ले जाई जा रही 945 टेट्रा पैक अवैध देशी शराब बरामद कर दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। पकड़े गए दोनों आरोपी टनकपुर क्षेत्र के बताए जा रहे हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक चीकाघाट चौराहे के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने वहां से गुजर रही एक कार को रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही चालक ने कार को मोड़कर रसईयापुर की ओर भगाने का प्रयास किया जिस पर पुलिस टीम भी पीछे लग गई और कार को रोककर दोनों आरोपितो को दबोच लिया। पुलिस के अनुसार चेकिंग में कार सं.(यू.के.04/वाई 5925)की पिछली सीट पर तीन प्लास्टिक के कट्टों में 9 पेटियां और डिग्गी में तीन कट्टों में शराब के टेट्रा पैक से भरी 12 पेटियां बरामद हुईं। प्रत्येक पेटी में 200 एमएल माल्टा स्प्रिट के टेट्रा पैक भरे थे। इस दौरान पुलिस टीम ने कुल 945 टेट्रा पैक अवैध देशी शराब बरामद की। पुलिस ने शराब के साथ कार को भी सीज किया है।
शराब तस्करी में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सन्नी स्याल(40) पुत्र सुदेश स्याल,निवासी ग्राम बोहरागोठ,तथा तुषार(22) पुत्र प्रेमपाल निवासी वार्ड नंबर 04 गफूर बस्ती,तहसील पूर्णागिरि,थाना टनकपुर,जनपद चम्पावत के रूप में हुई है। पुलिस की दोनों गिरफ़्तार आरोपियों के खिलाफ थाना सितारगंज (ऊ.सिह नगर) में 60/72 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई जारी है। अब सवाल ये है कि टनकपुर से निकली शराब की यह खेप आंखिर कहां पहुंचनी थी, और इस कारोबार के पीछे कौन-कौन से चेहरे जुड़े हैं? शराब तस्करों को पकड़ने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा, वरिष्ठ उप निरीक्षक जावेद मलिक, उपनिरीक्षक एवं चौकी प्रभारी सरकड़ा दीपक तिवारी, अपर उपनिरीक्षक अमित कुमार तथा कांस्टेबल संदीप सजवान शामिल रहे।
शराब सहित पुलिस गिरफ्त में तस्कर।
