टनकपुर/चम्पावत। टनकपुर नगरपालिका के नयागोठ वार्ड सं.9 में निवास कर रहे लोगों ने तंग रास्ते की चौड़ाई बढ़वाने की मांग उठाई है। वार्डवासियों का आरोप है कि कुछ लोगों के अतिक्रमण कर लेने से उक्त मार्ग की चौड़ाई खासी कम हो गई है। उक्त समस्या को लेकर वार्डवासियों ने टनकपुर स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के साथ एसडीएम कार्यालय में भी ज्ञापन सौंपा है।
वार्ड के लोगों का कहना है कि शिशु मंदिर स्कूल के पीछे का क्षेत्र 2017 में ग्राम नायकगोठ से हटकर नगर पालिका के परिसीमन के तहत वार्ड सं. 9 में शामिल हो गया था। उधर कुछ वर्ष पूर्व नयागोठ के मुख्य मार्ग का चौड़ीकरण कर उसे 12 से 14 फीट बनाया गया था।लेकिन इधर यह मार्ग महज 4 से 5 फुट चौड़ा रह गया है। मार्ग तंग होने के चलते राहगीरों,स्कूली बच्चों और ई-रिक्शा चालकों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इतना ही नहीं आपातकाल में बड़े वाहनों एवं एंबुलेंस आदि को भी ककरालीगेट से घूमकर पूर्णागिरि मार्ग से होते हुए नयागोठ में प्रवेश करना पड़ता है,जिससे समय की बर्बादी के साथ ही दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
वार्डवासियों ने जानकारी देते हुए कहा है कि मार्ग के चौड़ीकरण के दौरान सभी ने एक से दो फीट तक जमीन दी थी, ताकि वार्ड का विकास हो और भविष्य में इस रोड का लाभ वार्ड के लोगों को मिल सके। ज्ञापन में तंग मार्ग की चौड़ाई बढ़ाकर पूर्व की तरह 12 से 14 फीट करने की मांग उठाई गई है। ज्ञापन में सभासद वार्ड सं.9 बबीता वर्मा, शुभम बहादुर,मीना देवी, मंजू देवी, विमला देवी,पूर्व सभासद योगेश पांडेय आदि के हस्ताक्षर हैं।
टनकपुर सीएम कैम्प कार्यालय में ज्ञापन सौंपते वार्डवासी।
