टनकपुर/बनबसा/चम्पावत। बनबसा स्थित सैन्य स्टेशन के मैदान में आयोजित अग्निवीर भर्ती रैली के तीसरे दिन बुधवार को युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत आज बुधवार को पिथौरागढ़ जिले की कनालीछीना, बेरीनाग, धारचूला, डीडीहाट, पांखू और देवलथल तहसीलों के 850 से अधिक अभ्यर्थियों ने दौड़ में हिस्सा लिया। नौ बैचों में आयोजित दौड़ में 674 अभ्यर्थी सफल रहे।
भर्ती प्रक्रिया के तहत सेना के जवानों ने सुबह से ही अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की प्रारंभिक जांच कर उन्हें रैली स्थल में प्रवेश दिया। दौड़ में सफल अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन करने के बाद उन्हें शारीरिक परीक्षण के अगले चरण के लिए भेजा गया। भर्ती प्रक्रिया में मौजूद अधिकारियों के मुताबिक तीसरे दिन सफल अभ्यर्थियों का चिकित्सकीय परीक्षण गुरुवार को किया जाएगा, जबकि पहले और दूसरे दिन सफल रहे अभ्यर्थियों का मेडिकल परीक्षण जारी है।जोनल भर्ती कार्यालय (उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड) के अधीन सेना भर्ती कार्यालय पिथौरागढ़ की ओर से आयोजित इस भर्ती रैली का संचालन भर्ती निदेशक कर्नल अमोल दबड़घाव के निर्देशन में किया जा रहा है।भर्ती रैली के निदेशक के मुताबिक चौथे दिन गुरुवार,26 नवंबर को चम्पावत जिले की चम्पावत,पाटी व पूर्णागिरि तहसीलों के अभ्यर्थी दौड़ करा अन्य परीक्षण कराए जाएंगे। इधर भर्ती को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
भर्ती रैली में दौड़ने हेतु तैयार युवा।
