टनकपुर/चंपावत। 8 दिन पूर्व भैंस चराने के दौरान नदी में बही तल्लादेश के नीड़ गांव की एक महिला का शव बरामद कर लिया गया है। महिला का शव घर से एक किलोमीटर दूर लोहावती नदी से बरामद हुआ। परिजनों द्वारा शव की शिनाख्त की गई। पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। अचानक हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया। वहीं क्षेत्र के लोग भी गमगीन हैं।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक नेपाल सीमा के पास के तल्लादेश के नीड़ गांव की गीता देवी (45) पत्नी उमेद सिंह 1 अक्टूबर को भैंस चराने गई थी। इसी दौरान वह नदी के तेज बहाव में बह गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस और एसडीआरएफ ने नदी क्षेत्र में कई दिनों तक तलाशी अभियान चलाया। आज 8 अक्टूबर को नदी पर एक शव दिखने की ग्राम प्रधान की सूचना के बाद एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंच शव बरामद किया। परिजनों ने मृतका गीता देवी की पहचान की। पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। जहां महिला का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
गीता देवी। (फाइल फोटो)
