टनकपुर/चंपावत/पाटी। आज मंगलवार को नवगठित नगर पंचायत पाटी के पहले चुनाव को लेकर स्थानीय मतदाताओं में खासा उत्साह देखा गया। मतदान समाप्त होने के बाद मिले आंकड़ों के मुताबिक चुनाव में कुल 77.99 प्रतिशत मतदाताओं द्वारा मताधिकार का प्रयोग किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी DM चम्पावत मनीष कुमार ने बताया कि मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।
गौरतलब है कि नवगठित पाटी नगर पंचायत में कुल 2067 मतदाता हैं। इन मतदाताओं में से कुल 1612 (77.99%) लोगों ने मतदान किया। मतदान हेतु कुल 4 मतदान केंद्र बनाए गए थे। नगर पंचायत हेतु अध्यक्ष पद हेतु 3 प्रत्याशियों सहित कुल 17 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला आज मतदाताओं द्वारा कर दिया गया है। अब सबकी निगाह वोटो की गिनती पर है जो आगामी 11 जून को की जाएगी। मतदान हेतु कुल 4 बूथ बनाए गए थे। जिसमें विकासखंड परिसर बूथ में 637 मतदाताओं में से कुल 505 द्वारा मतदान किया गया। इसी प्रकार दूसरे बूथ जौलाड़ी में 465 के सापेक्ष 364 मतदाताओं,तीसरे बूथ जीआईसी पर 659 के सापेक्ष 491मतदाताओं जबकि आंखिरी बूथ पूनाकोट में 306 के सापेक्ष कुल 252 मतदाताओं द्वारा मतदान किया गया।
मालूम हो कि पाटी नगर पंचायत अध्यक्ष पद हेतु भाजपा प्रत्याशी के तौर नवीन राम जबकि नारायण लाल व पार्वती देवी निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़़ रहे हैं। इसी प्रकार वार्डों के प्रत्याशियों के रूप में रानीचौड़ वार्ड से खीमा देवी,रुकमणि देवी व शांति देवी। जौलाड़ी वार्ड से दिनेश मेहता,कमल सिंह बिष्ट,मनीषा मेहता,विवेक बिष्ट और बबलू सिंह प्रत्याशी हैं। वहीं न्यू कॉलनी वार्ड से दीपक सोराड़ी,संजय प्रसाद,नवल पचौली और विनोद सोराड़ी जबकि पूनाकोट वार्ड में मनीषा व संगीता के बीच आमने-सामने का मुकाबला है। मतदान के बाद सभी प्रत्याशियों द्वारा अपनी -अपनी जीत के दावे किए जा रहे हैं। आगामी 11 जून को मतगणना के बाद सभी प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला हो जाएगा जिसे लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह देखा गया।
पाटी नगर पंचायत चुनाव हेतु हुए मतदान का नजारा।
