टनकपुर/चम्पावत। पुलिस के लाख दावों के बावजूद जिले के मैदानी क्षेत्र टनकपुर में मादक पदार्थों की तस्करी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामले में टनकपुर पुलिस द्वारा शहर से लगे ग्राम मनिहार गोठ क्षेत्र से एक युवक को भारी मात्रा में हेरोइन (स्मैक) संग गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 08, 21, 29, 60 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया है। उक्त मामले में पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने आज 25 जून की अपरान्ह चम्पावत में हुई पत्रकार वार्ता में ये जानकारी दी। पुलिस ने आरोपित को विशेष सत्र न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं पकड़े गए युवक से पूछताछ में उजागर हुए एक और आरोपित की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
गुरुवार 24 जून को टनकपुर की सीओ(पुलिस क्षेत्राधिकारी) निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण एवं टनकपुर कोतवाली प्रभारी चेतन रावत के नेतृत्व में गठित पुलिस व एसओजी टीम ने गत 24 जून को मनिहारगोठ क्षेत्र में रेलवे पटरी के निकट एक बिना पंजीकरण नम्बर की बाइक के साथ खड़ा देखा। पुलिस द्वारा बाइक सवार से तलाशी के दौरान 253 ग्राम हेरोइन,एक वीवो मोबाईल फोन व 900 रुपए की नगदी बरामद की। पुलिस के मुताबिक आरोपित तस्लीम मंसूरी (21) निवासी वार्ड नंबर 6, मीना बाजार बनबसा, जिला चंपावत को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पत्रकार वार्ता में एसपी ने बताया कि बरामद हेरोइन की अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत 75 लाख रुपये आंकी गई है। पूछताछ के दौरान आरोपित ने बताया कि यह स्मैक हैरी सिंह निवासी टाटरगंज जिला पीलीभीत(उत्तर प्रदेश) से लेकर आया था। इस स्मैक को वह नशे के आदी युवकों को बेचता था। पुलिस पूछताछ में सामने आए आरोपित हैरी सिंह की तलाश जुट गई है। उक्त युवक तस्लीम को दबोचने वाली पुलिस टीम में टनकपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक चेतन रावत, एसओजी प्रभारी कमलेश भट्ट, उप निरीक्षक पूरन सिंह, तेज कुमार व प्रकाश भट्ट, मुख्य आरक्षी ललित श्रीवास्तव,नासिर हुसैन,तपेंद्र जोशी व महेंद्र डंगवाल के साथ ही आरक्षी उमेश राज व दीपक कुमार शामिल रहे।
चम्पावत में पत्रकार वार्ता के दौरान स्मैक तस्करी की घटना का खुलासा करतीं एसपी रेखा यादव।
