टनकपुर/चंपावत। उत्तरांचल परिवहन मजदूर संघ के पदाधिकारियों ने सीएम कैंप कार्यालय के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर उत्तराखंड को नई रोडवेज बसें उपलब्ध कराने सहित पांच सूत्रीय मांगों का जल्द समाधान करने की मांग की है।
ज्ञापन में निगम में वर्षों से कार्यरत विशेष श्रेणी, संविदा कर्मियों के नियमितीकरण करने तथा समान कार्य के लिए समान वेतन प्रदान करने, उत्तराखंड परिवहन निगम के बस बेडे में 700 नई बसों की उपलब्धता करने की मांग की है। इसके अलावा स्वीकृति एवं खरीद की ठोस कार्यवाही करने, परिवहन निगम के समस्त कर्मचारी, उपाधिकारी एवं अधिकारियों को प्रत्येक माह की सात तारीख तक वेतन दिए जाने, अन्य प्रदेशों के परिवहन निगमों हेतु सरकार की ओर से दिए जा रहे आवंटित बजट की समीक्षा करते हुए उत्तराखंड परिवहन निगम के कर्मचारियों का वेतन बढ़ाने, आगामी अर्धकुंभ को देखते हुए अतिरिक्त बसों की व्यवस्था करने, ईंधन, मरम्मत, एवं संचालन की आवश्यकताओं के लिए राज्य सरकार का अलग से स्पेशल ट्रांसपोर्ट फंड बनाने, अर्धकुंभ के दौरान होने वाला अतिरिक्त खर्च निगम के सामान्य बजट पर न डाले जाने की मांग की है। कहा है कि मांगे पूरे नहीं हुईं तो 24 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया जाएगा। ज्ञापन देने वालों में सौरव गुप्ता, कुलदीप गुप्ता, मनीष कुमार, नरेंद्र पाल सलज आदि मौजूद रहे।
