टनकपुर/चम्पावत। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (सीजीयू) नेटवर्क से गैस आपूर्ति शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए हैं। आज 15 सितंबर को कलक्ट्रेट में आयोजित बैठक में उन्होंने गैस आपूूर्ति के लिए जरूरी डीप कंप्रेसर यूनिट (डीसीयू) की स्थापना के लिए जल्द से जल्द जमीन उपलब्ध कराने हेतु वन विकास निगम के साथ समन्वय बनाने के टनकपुर के एसडीएम को निर्देश दिए। बताया कि डीसीयू के लिए 400 से 500 वर्ग मीटर जमीन की आवश्यकता है।
टनकपुर नगरपालिका वार्ड सं.9 विष्णुपुरी कॉलोनी में प्रस्तावित गैस कनेक्शनों से संबंधित लंबित एमओयू और अन्य औपचारिकताओं का शीघ्र निस्तारण कराने को कहा। डीएम मनीष कुमार ने कहा कि सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क से संबंधित विभाग एवं कार्यदायी संस्था निर्धारित मासिक कार्ययोजना के अनुरूप काम करते हुए हर स्तर पर आने वाली समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें। काम करा रही कंपनी गैसोनेट के परियोजना प्रबंधक नीरज जोशी ने बताया कि टनकपुर क्षेत्र में अब तक 6.127 किलोमीटर गैस पाइप लाइन बिछाई जा चुकी है। पाइपड नेचुरल गैस (पीएनजी) के 84 घरेलू कनेक्शन के लिए फिटिंग का कार्य भी तकरीबन पूरा कर लिया गया है। बताया गया कि बिछाई गई पाइपलाइन की फ्लशिंग एवं टेस्टिंग के साथ ही कार्की फार्म,वन विकास निगम कॉलोनी और विष्णुपुरी क्षेत्र में कनेक्शन एवं पंजीकरण से संबंधित कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि सितंबर माह में एक किलोमीटर अतिरिक्त पाइपलाइन बिछाने के साथ ही घरेलू कनेक्शनों एवं पंजीकरण की संख्या बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है।
चम्पावत कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित बैठक में प्रभारी सीडीओ अजय सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी प्रियंका भट्ट, लोनिवि चंपावत खंड के अधिशासी अभियंता हितेश कांडपाल,लोहाघाट के ईई मयंक तिवारी,टनकपुर के एसडीएम प्रमोद कुमार आदि मौजूद रहे।
चम्पावत में टनकपुर में गैस पाइप लाइन बिछाने के कार्य की समीक्षा करते डीएम।
