टनकपुर/बनबसा/चम्पावत। जिले के प्रवेश द्वार बनबसा से गत 17 सितंबर को 2 ड्रम बिजली केबिल चोरी मामले का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। बनबसा पुलिस ने चोरी के आरोप में 6 लोगों को गिरफ्तार किया है।साथ ही आरोपितों के कब्जे से बिजली केबिल का 1 ड्रम भी बरामद किया है।
गत 17 सितंबर को संजय सिंह राणा ने पुलिस को बनबसा विद्युत घर से 2 ड्रम विद्युत केबिल चोरी होने की तहरीर दी थी। जिसके आधार पर बनबसा थाने मेंबीएनएस की धारा 305(ई) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने 24 सितंबर को बनबसा धनुष पुल बैरियर के पास चेकिंग के दौरान पिकअप वाहन से चोरी का 1 ड्रम विद्युत केबिल (काला-सिल्वर रंग) बरामद किया। साथ ही 6 आरोपितों को भी गिरफ्तार किया गया। मौके से घटना में प्रयुक्त एक कटर भी बरामद किया है। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर अभियोग में बीएनएस की धारा 3(5)/317(2) की बढ़ोत्तरी की है। मामले के खुलासे के लिए पुलिस ने 35-40 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई थी।
गिरफ्तार हुए ये आरोपितः
1. विवेश कुमार (21) निवासी ग्राम चितौरा, थाना अलापुर, बदायूं।
2. विमलेश कुमार (20) निवासी ग्राम उमरियां, थाना बरखेड़ा, पीलीभीत।
3. आकाश शर्मा (19) निवासी वार्ड नंबर 3, मछली मार्केट, थाना ट्रांजिट कैंप, ऊधमसिंह नगर।
4. अन्नू (22) निवासी ग्राम गहबरा, थाना मीरगंज, बरेली।
5. डोरी लाल (19) निवासी ग्राम उमरियां, थाना बरखेड़ा, पीलीभीत।
6. खुशी राम (18) निवासी ग्राम भवननगला, थाना उसावा, बदायूं।
पुलिस गिरफ्त में केबिल चोरी के आरोपित।
