टनकपुर/चंपावत। टनकपुर के एक युवक ने रूस का वीजा दिलाने के नाम पर सितारगंज के तीन युवकों के खिलाफ टनकपुर कोतवाली में तहरीर सौंपी है। तहरीर में वीजा का झांसा देकर तीन लोगों द्वारा एक स्थानीय युवक से कथित रूप से 50 हजार रुपये हड़पने का आरोप है। उक्त आरोप टनकपुर विष्णुपुरी के एक व्यक्ति ने 3 लोगों पर लगाया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
टनकपुर के विष्णुपुरी कॉलोनी निवासी राहुल प्रजापति द्वारा दी गई तहरीर के मुताबिक करीब 1 साल पहले सितारगंज के सिसैया के परवेज और सितारगंज सरकड़ा के दो भाई समीर व मोहम्मद यूनुस ने वीजा दिलाने का भरोसा दिया। इसके एवज में उन्होंने 50 हजार रुपये और अपना मूल पासपोर्ट आरोपियों को सौंप दिया। आरोप लगाया कि वीजा नहीं मिलने पर रुपये और पासपोर्ट मांगे, तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318 (4), 351(3) और 352 में मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच उप निरीक्षक संदीप पिलख्वाल को सौंपी गई है।
