टनकपुर/चंपावत। इन दिनों मानसून के दौरान संभावित प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने हेतु राज्य सरकार के निर्देश पर आज पूरे प्रदेश में माकड्रिल का आयोजन किया गया। चम्पावत जिले में भी 5 स्थानों में आयोजित माकड्रिल के दौरान विभिन्न विभागों की आपदा प्रबंधन क्षमता को परखा गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से माक ड्रिल का अवलोकन कर तैयारियों की समीक्षा की तथा अधिकारियों को मानसून अवधि में पूर्ण सतर्कता एवं समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए
जिले के पांच अति संवेदनशील स्थलों पर अलग-अलग आपदा परिदृश्यों के आधार पर माक ड्रिल आयोजित की गई, जिससे वास्तविक परिस्थितियों में विभिन्न विभागों की त्वरित प्रतिक्रिया,समन्वय,संसाधनों की उपलब्धता तथा राहत एवं बचाव कार्यों की प्रभावशीलता का परीक्षण किया जा सके।
टनकपुर स्थित शारदा नदी तटीय क्षेत्र,तहसील पूर्णागिरि में नदी के जलस्तर में वृद्धि,तटीय भू-कटाव,कृषि भूमि एवं आवासीय भवनों को खतरा तथा राष्ट्रीय राजमार्ग एवं आधारभूत सुविधाओं पर संभावित प्रभाव का परिदृश्य तैयार किया गया। इस दौरान संवेदनशील परिवारों की सुरक्षित निकासी,राहत शिविरों की स्थापना,विद्युत एवं पेयजल व्यवस्था की सुरक्षा तथा नदी की सतत निगरानी की कार्यवाही का अभ्यास भी किया गया। पूर्णागिरि यात्रा मार्ग स्थित बाटनागाड़,टनकपुर में भारी वर्षा के कारण भूस्खलन,बोल्डर गिरने तथा यात्रा मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति का अभ्यास किया गया। परिदृश्य के अनुसार बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं वाहन मार्ग के दोनों ओर फंस गए थे। इस स्थिति में खोज एवं बचाव अभियान,घायलों को त्वरित चिकित्सा सहायता,श्रद्धालुओं के लिए भोजन,पेयजल एवं अस्थायी आश्रय की व्यवस्था,यातायात नियंत्रण तथा मार्ग बहाली की कार्यवाही का सफल प्रदर्शन किया गया।
इसी के तहत बाराकोट मुख्य बाजार में मानव-वन्यजीव संघर्ष की स्थिति को आधार बनाते हुए माक ड्रिलआयोजित की गई। गुलदार के आबादी वाले क्षेत्र में प्रवेश करने की सूचना पर वन विभाग,पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त टीम ने भीड़ नियंत्रण,जन-जागरूकता,रेस्क्यू अभियान तथा प्रभावित व्यक्तियों को चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की कार्यवाही का अभ्यास किया। टनकपुर-पिथौरागढ़ एनएच-09 के संतोला क्षेत्र में भूस्खलन एवं बोल्डर गिरने से मार्ग अवरुद्ध होने की काल्पनिक स्थिति तैयार की गई। इस दौरान सड़क बहाली,यातायात प्रबंधन,फंसे यात्रियों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने,भोजन एवं पेयजल उपलब्ध कराने आदि का अभ्यास किया गया। एनएच-09 के धौन क्षेत्र,जिसे इस वर्ष नई माक ड्रिल साइट के रूप में शामिल किया गया है,में अचानक हुए भूस्खलन से सड़क अवरुद्ध होने एवं वाहनों के फँसने की स्थिति का अभ्यास किया गया। लोक निर्माण विभाग द्वारा मशीनरी के माध्यम से मलबा हटाने,पुलिस द्वारा यातायात नियंत्रण,एसडीआरएफ एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा राहत एवं बचाव कार्य तथा घायलों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने की कार्यवाही का सफल प्रदर्शन किया गया।
...........
आपसी समन्वय एवं त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता का प्रदर्शनः
माक ड्रिल में सम्बंधित क्षेत्र के प्रशासनिक अधिकारी,क्षेत्र की पुलिस,एसडीआरएफ,स्वास्थ्य विभाग,लोक निर्माण विभाग,राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण,सिंचाई विभाग, विद्युत विभाग,वन विभाग,राजस्व विभाग,जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण,नगर निकायों सहित सभी संबंधित विभागों एवं एजेंसियों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए आपसी समन्वय एवं त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता का प्रदर्शन किया।
टनकपुर में माकड्रिल का नजारा।
