टनकपुर/लोहाघाट/चंपावत। लोहाघाट पुलिस व एसटीएफ की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स कुमाऊं यूनिट की संयुक्त टीम ने पुल्ला पंचेश्वर से एक अभियुक्त को 4.1 किग्रा चरस के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद चरस की कीमत करीब 25 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी चरस को उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के नवाबगंज में बेचने की फिराक में था।
आज बुधवार 25 नवंबर को लोहाघाट पुलिस और एसटीएफ की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स कुमाऊं यूनिट ने सूचना के आधार पर पुल्ला-पंचेश्वर क्षेत्र में संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान सुरेश सिंह तिसल्ला (निवासी ग्राम खतेड़ा मल्ला, पंचेश्वर,लोहाघाट चम्पावत) को 4.1 किग्रा चरस के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने चरस लोहाघाट क्षेत्र से एकत्रित की थी और इसे बरेली जिले के नवाबगंज निवासी भरतवीर गंगवार उर्फ पंडित जी को ऊंचे दामों पर बेचने के लिए ले जा रहा था। पुलिस अब चरस की आपूर्ति के स्रोत और खरीद-फरोख्त में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की तलाश भी की जा रही है।
संयुक्त टीम में ये रहे शामिलः
पुलिस टीम में थानाध्यक्ष लोहाघाट ओमप्रकाश, उप निरीक्षक कुंदन बोरा, आरक्षी पवन भट्ट, कुलदीप और संजय साहनी शामिल रहे। वहीं, एसटीएफ एंटी नारकोटिक्स कुमाऊं यूनिट की ओर से उपनिरीक्षक विनोद चंद्र जोशी, उपनिरीक्षक जगदीप नेगी, हेड कांस्टेबल वीरेंद्र चौहान और आरक्षी इसरार शामिल रहे।
पुलिस गिरफ्त में अभियुक्त।
