टनकपुर/चम्पावत। गत रात्रि जनपद चम्पावत में लगभग सभी स्थानों पर बारिश हुई। इस दौरान नेपाल सीमा पर निर्माणाधीन टनकपुर-जौलजीबी सड़क (टी-जे सड़क) भी मलबा आने से बंद है। इसके अलावा 3 अन्य ग्रामीण सड़कें भी बंद है। सड़क बंद होने से इन मार्गों पर आवागमन बन्द है।
आज बुधवार को बारिश के कारण मलबा आने से टनकपुर-जौलजीबी(टी-जे) सड़क चरण मंदिर और लादीगाड़ के पास बंद है। इसके चलते आज 8 जुलाई की सुबह से उक्त सड़क पर आवागमन बंद है। रोड बंद होने से कलढूंगा,चूका,सीम,खेत सहित नेपाल सीमा से लगे अनेक गांवों की आवाजाही पर खासा असर पड़ा है। सड़क बंद होने का असर एसएसबी की कई सीमा चौकियों (बीओपी) के आवागमन पर भी पड़ा है।
इसके अलावा मलबा आने से धौन-सल्ली,धौन-बड़ोली और अमोड़ी-छतकोट-घुरचुम-पाली रोड भी बंद है। इन ग्रामीण सड़कों के बंद होने से इन क्षेत्रों के लोगों का सड़क संपर्क कट गया है। सभी चारों सड़कों को खोलने के प्रयास जारी है। विभाग ने जल्द रोड खुलने की संभावना जताई है। वहीं चंपावत जिले में बीती रात और आज सुबह बारिश हुई। सबसे ज्यादा 55 मिलीमीटर बारिश टनकपुर में दर्ज की गई जबकि जिला मुख्यालय चम्पावत में 32मिलीमीटर बारिश हुई वहीं सबसे कम 12 मिलीमीटर बारिश पाटी में दर्ज की गई।
