टनकपुर/चम्पावत । नवयुवक रामलीला कमेटी द्वारा प्रायोजित भव्य दशहरा मेला आगामी 30 सितंबर से शुरू होगा। मेले को लेकर कमेटी की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार 30 सितंबर को मां शारदा नदी के तट से स्थानीय रामलीला मैदान तक भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। वहीं 1 से 7 अक्टूबर तक श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा। कथा वाचन देवी दिव्यांशी किशोरी जी द्वारा किया जाएगा जिसका समय शाम 4 बजे से 7 बजे तक निर्धारित किया गया है।
कमेटी के मुताबिक कार्यक्रम की शुरुआत 25 सितंबर को भूमि पूजन से होगी। 8 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे से हवन एवं भंडारे का आयोजन किया जाएगा जबकि 9 और 10 अक्टूबर को सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा 11 अक्टूबर से श्रीरामलीला मंचन होगा। इसके बाद दशहरे के अवसर पर 20 अक्टूबर को रावण कुंभकर्ण एवं मेघनाद के पुतलों का दहन भव्य आतिशबाजी के साथ किया जाएगा। महोत्सव के अंतिम दिन 21 अक्टूबर को सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के साथ ही बंपर लकी ड्रा भी आयोजित किया जाएगा। आयोजकों ने श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन में सहभागिता करने की अपील की है।
सपरिवार शामिल हो आयोजन को सफल बनाएंःअध्यक्ष
नवयुवक रामलीला कमेटी के अध्यक्ष पंकज अग्रवाल ने कहा कि दशहरा महोत्सव आयोजन का उद्देश्य क्षेत्र में धार्मिक आस्था के साथ-साथ हमारी सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा देना है। समिति की ओर से सभी कार्यक्रमों को व्यवस्थित एवं भव्य रूप से आयोजित करने की तैयारियां की जा रही हैं। क्षेत्रवासी परिवार सहित कार्यक्रमों में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाएं।
