टनकपुर/चंपावत। टनकपुर क्षेत्र में 6 साल पूर्व नकली करेंसी के साथ गिरफ्तार तीनों आरोपियों को कोर्ट ने दोषी पाया है। जिला शासकीय अधिवक्ता विद्याधर जोशी ने बताया कि चंपावत के सत्र न्यायालय ने आज 13 अक्टूबर दो अभियुक्तों को 5-5 साल की, जबकि तीसरे को 7 साल के साधारण कारावास की सजा का आदेश दिया। इसके अलावा जुर्माना भी लगाया गया है। अर्थदंड नहीं चुकाने पर अतिरिक्त सजा भुगतनी होगी।
ज्ञातव्य है कि 1 जुलाई 2020 को टनकपुर के ग्राम मनिहारगोठ तिराहे से पुलिस और एसओजी(स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) की टीम ने दो आरोपियों के पास से 3 लाख रुपये की नकली करेंसी बरामद की थी। बृजकिशोर (29) निवासी बगनैरा,पीलीभीत उत्तर प्रदेश के कब्जे से 2.40 लाख रुपये और रियाज अहमद (25) निवासी बगनैरा, जिला पीलीभीत के कब्जे से 60 हजार रुपये की नकली करेंसी बरामद की गई थी।
जबकि तीसरे आरोपी मझोला के हरदेव सिंह (27) निवासी ग्राम टुकड़ी थाना नानकमत्ता ऊधमसिंह नगर से उसकी दुकान से 1 लाख रुपये की नकली करेंसी और नकली करेंसी बनाने में उपयोग में आने वाली कई अन्य सामग्री बरामद की गई थी।
तीनों आरोपियों के खिलाफ टनकपुर थाने में 1 जुलाई 2020 को आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने आईपीसी की धारा 489 ए, 489 सी और 489 डी में मुकदमा दर्ज किया था।
आरोप पत्र दायर होने के बाद अदालत में मामले सुनवाई शुरू हुई। विभिन्न साक्ष्य, दस्तावेजों, गवाहों के साथ ही तमाम दलीलों के परीक्षण के बाद चंपावत के सत्र न्यायाधीश जिला जज अनुज कुमार संगल ने तीनों अभियुक्तों को दोषी करार दिया।
अभियुक्तों को दी गई ये सजा:
हरदेव सिंह आईपीसी की धारा 489 A में 7 वर्ष का साधारण कारावास एवं 25 हजार रुपये जुर्माना।
आईपीसी की धारा 489 C में 5 वर्ष का साधारण कारावास एवं 25 हजार रुपये जुर्माना।
रियाज अहमद एवं बृजकिशोर:
आईपीसी की धारा 489 A व 489 D में दोषमुक्त।
आईपीसी की धारा 489 C में 5-5वर्ष का साधारण कारावास एवं 25-25 हजार रुपये का जुर्माना।
