टनकपुर/चम्पावत। टनकपुर शहर से लगे ग्राम छीनीगोठ क्षेत्र में अपने मवेशियों को चुगाने हेतु 3 ग्रामीण नदी पार जंगल गए थे। इसी बीच पहाड़ों पर हो रही बारिश के कारण हुड्डी नदी का अचानक जलस्तर बढ़ने से जंगल गए 3 ग्रामीण नदी पार दूसरी तरफ फंस गए। इन फंसे लोगों में एक महिला भी थी। सूचना पर एसडीआरएफ (राज्य आपदा राहत बल) की टीम द्वारा तत्काल मौके पर पहुंच त्वरित कार्रवाई कर तीनों ग्रामीणों को सकुशल रेस्क्यू किया गया ।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक ग्राम छीनीगोठ के 3 लोगों के आज 5 सितंबर को जंगल में फंसे होने की सूचना मिलने पर उप निरीक्षक दीपक चंद्र जोशी के नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने तेज बहाव के बीच रेस्क्यू अभियान चलाकर नदी पार फंसे छीनीगोठ निवासी पार्वती तिवारी (36) पत्नी दीपक तिवारी,मुकेश जोशी (50) पुत्र हरिदत्त जोशी व दीपक तिवारी (40) पुत्र हरिनंदन तिवारी तीनों ग्रामीणों को सुरक्षित बाहर निकाला।
इस मौके पर रेस्क्यू किए गए लोगों के साथ ही सभी ग्रामीणों द्वारा टीम का आभार प्रकट किया गया।
छीनीगोठ में रेस्क्यू अभियान में जुटी एसडीआरएफ व पार फंसे ग्रामीण।
