टनकपुर/चम्पावत। टनकपुर नगर पालिका परिषद द्वारा आज नगर क्षेत्र में अतिक्रमण और प्रतिबंधित पॉलीथीन के प्रयोग को लेकर अभियान चलाया गया। अधिशासी अधिकारी ऋषभ उनियाल के नेतृत्व में चलाए गए उक्त अभियान के दौरान पालिका टीम ने मुख्य बाजार और अन्य क्षेत्रों का भी स्थलीय निरीक्षण किया गया।
इस दौरान पालिका टीम ने फुटपाथों पर अस्थायी रूप से अतिक्रमण कर फड़-ठेले लगाने वाले दुकानदारों को हिदायत देते हुए कहा कि सभी फड़ विक्रेता 3 दिन के भीतर फुटपाथ पर चिन्हित लाल पटरी के पीछे ही अपने फड़ व ठेले लगाएं,ताकि राहगीरों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो अन्यथा चालानी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस दौरान पालिका टीम द्वारा मार्ग पर ठेला फड़ व्यवसाईयों पर प्रतिबंधित पॉलीथीन के खिलाफ भी छापेमारी अभियान चलाया गया। निरीक्षण के दौरान तीन सब्जी विक्रेताओं को पॉलीथीन प्रयोग करते पकड़ मौके पर प्रत्येक पर 100 रुपये का अर्थदंड लगाया गया साथ ही भविष्य में पालीथीन प्रयोग न करने की चेतावनी भी दी गई। पालिका प्रशासन द्वारा भविष्य में भी उक्त अभियान लगातार जारी रखने की बात कही है। पालिका प्रशासन द्वारा नगर को व्यवस्थित बनाए रखने में सहयोग करने की अपील भी की। इस दौरान नगर पालिका के वरिष्ठ लिपिक बसन्त राज चन्द, पर्यावरण पर्यवेक्षक राकेश,रामरतन सहित पालिका कर्मी विशाल,प्रमोद और शकुन सक्सेना आदि मौजूद रहे।
शहर क्षेत्र में अतिक्रमण सम्बन्धी जानकारी देने पालिका ईओ व अन्य।