टनकपुर/चम्पावत। रविवार दोपहर टनकपुर-पिथौरागढ़ एनएच (राष्ट्रीय राजमार्ग) पर ग्राम बस्तिया के निकट हुए हादसे में एक पिकअप वाहन असंतुलित हो सड़क पर पलट गया। दुर्घटना में चालक सहित 3 लोग चोटिल हो गए। सभी घायलों को पुलिस वाहन 112 द्वारा टनकपुर उप जिला अस्पताल ले जाया गया। दुर्घटना में मुंह और हाथ में गम्भीर चोट के कारण चालक को हायर सेंटर रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक रविवार दोपहर हल्द्वानी से फल व सब्जी लेकर चारचूला की ओर जा रहा पिकअप वाहन संख्या-(यूके 05/ टीए-4759) सामने से आ रहे वाहन को बचाने के प्रयास में असंतुलित होकर सड़क पर पलटकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में चालक अंकित कुमार (20) पुत्र सूरज राम,जोजो फिरमाल (24) पुत्र गोविन्द फिरमाल,निवासी गलाथी धारचूला (पिथौरागढ़) तथा भवान सिंह (44) पुत्र हीरा सिंह, निवासी पांगला (पिथौरागढ़) घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए 112 वाहन द्वारा उपजिला चिकित्सालय टनकपुर लाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद अंकित कुमार को हायर सेंटर रेफर कर दिया। चिकित्सक नौनिहाल सिंह ने बताया कि चालक अंकित के मुंह व हाथ में गम्भीर चोट आई हैं जिसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेन्टर रेफर किया गया है। अन्य दो घायलों को मामूली चोट आई है, जिनका उपचार टनकपुर में चल रहा है।
