टनकपुर/चंपावत। गत 20 अप्रैल को शहर से लगे मनिहार गोठ निवासी सैफ अली के डम्पर वाहन से बैट्री चोरी की घटना का स्थानीय पुलिस द्वारा 24 घण्टे के भीतर खुलासा कर दिया गया। पुलिस ने बैट्री चोरी में लिप्त अभियुक्त को चुराई गई बैट्री के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है।
गत दिवस शहर से लगी ग्रामसभा मनिहारगोठ निवासी सैफ अली के डम्पर वाहन सं.( यूके 08 CA/ 2977) से दो बैट्री चोरी हो गई थी। डंपर स्वामी द्वारा टनकपुर कोतवाली पहुंच चोरी की घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस द्वारा चोरी के मामले की धारा 303(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। इधर एसपी चम्पावत रेखा यादव के निर्देश पर पुलिस की टीम चोर का पता लगाने में जुट गई और 24 घण्टे के भीतर पुलिस ने चोरी का खुलासा कर दिया। कोतवाल चेतन यादव ने बताया कि गहन सुरागकशी के बाद शहर के वार्ड नम्बर तीन बंगाली कालोनी निवासी 20 वर्षीय कार्तिक मण्डल पुत्र आंनद मण्डल को चुराई गई दोनों बैटरियों के साथ गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ धारा 303(2) बीएनएस के साथ ही धारा 317(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है। चोरी का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक तेज कुमार, हेड कॉस्टेबल कमल कुमार और कॉस्टेबल अजय कुमार शामिल रहे।
पुलिस गिरफ्त में बैट्री चोर।