टनकपुर/देहरादून/चंपावत। प्रदेश सरकार द्वारा रोडवेज के टनकपुर मंडल को जल्द ही 20 नई बसें दी जाएंगी। रोडवेज प्रशासन की मांने तो ये नई बसें दिवाली बाद यहां पहुंच जाएंगी। प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 5 नवंबर को देहरादूून में बीएस मॉडल की 59 नई बसों को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया था। इनमें से नैनीताल को 19, टनकपुर और देहरादून मंडल को 20-20 बसें मिलेंगी। इन बसों के मिलने के साथ ही यात्रियों को सुरक्षित,सुगम एवं सुविधाजनक परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
गौरतलब है कि टनकपुर मंडल में 3 डिपो टनकपुर, लोहाघाट और पिथौरागढ़ हैं। नयी मिलने वाली 20 बसों में से 10 बसें टनकपुर व बकाया 10 बसें लोहाघाट और पिथौरागढ़ डिपो को मिलेंगी। रोडवेज डिपो टनकपुर के एजीएम सुरेश चंद्र पांडेय का कहना है कि टनकपुर डिपो को मिलने वाली अधिकांश बसों का संचालन झूलाघाट, बेरीनाग, धारचूला, मुक्तेश्वर, नैनीताल सहित विभिन्न पर्वतीय मार्गों पर किया जाएगा। बताया कि टनकपुर मंडल में फिलहाल रोडवेज की 180 बसें हैं। इसके अलावा 21 बसें अनुबंधित हैं। इसके बावजूद रोडवेज के टनकपुर मंडल को 40 बसों की और जरूरत है।
रोडवेज की स्थिति होगी बेहतरः
उत्तराखंड शासन द्वारा रोडवेज के टनकपुर मंडल को 20 बसें दी जा रही हैं। लेकिन आज शनिवार तक ये बसें नहीं पहुंची है। निश्चित तौर पर बसों के आने से स्थिति में सुधार होगा।
आलोक कुमार बनवाल,
मंडलीय प्रबंधक, टनकपुर।
