टनकपुर/चंपावत। शुक्रवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई। दोपहर टनकपुर-पिथौरागढ़ एनएच (राष्ट्रीय राजमार्ग) पर हुए एक बड़े हादसे में बापरू के निकट एक टाटा पंच कार दुर्घटनाग्रस्त हो करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा समाई और देखते ही देखते आग का गोला बन गई। उक्त दर्दनाक हादसे में कार स्वामी और कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 3 लोग जो कार छिटक कर बाहर गिरे बुरी तरह जख्मी हो गए।उक्त कार में एक ही परिवार के चार व चालक सहित कुल पांच लोग सवार थे। हादसे की वजह का पता नहीं चल सका है।
जिला आपदा परिचालन केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक हल्द्वानी से ग्राम जौरासी जिला पिथौरागढ़ जा रही एक कार आज शुक्रवार अपरान्ह करीब 1 बजे एनएच पर बापरू के निकट करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा समाई। खाई में गिरने के साथ ही कार में भीषण आग लग गई और देखते ही देखते आग का गोला बन गई। सूचना पर पुलिस, एसडीआरएफ और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और बचाव व राहत कार्य में हाथ बंटाया। उक्त दुर्घटना में कार चालक राजेंद्र कुमार (47) पुत्र लक्ष्मी राम निवासी अतेड़ा चर्मा, डीडीहाट(पिथौरागढ) और कार स्वामी बलदेव कुमार (36) पुत्र क्षीम राम निवासी ननकोड़ा कनालीछीना (पिथौरागढ़) की मौके पर ही मौत हो गई। बलदेव कुमार दाहिना हाथ का हिस्सा छोड़ शरीर का अधिकांश हिस्सा गायब बताया गया है।
कार में सवार तीन लोग कार से छिटकने से बच गए। दुर्घटना में घायल बलदेव कुमार की पत्नी नीतू देवी (35), बेटा आरव (5) और अक्षिता (8) को मौके पर पहुंचे ग्रामीणों की सहायता से खाई से बाहर निकाला गया। तीनों घायलों को आपातकालीन वाहन द्वारा लोहाघाट उप जिला अस्पताल ले जाया गया जहां मौजूद चिकित्सकीय टीम द्वारा तत्काल उपचार शुरू किया गया। इसके साथ ही घायलों की हालत में सुधार हो रहा है। खबर लिखे जाने तक उक्त दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है।
दुर्घटना में जली कार व घायल यात्री।
