टनकपुर/चम्पावत । गत 6 जून को टनकपुर स्थित एक लकड़ी टाल से बरामद हुए अवैध सागौन की लकड़ी मामले में शारदा रेंज के कई कर्मियों पर कथित रूप से कार्रवाई की गई है। इधर उक्त मामले को लेकर हल्द्वानी प्रभाग के वन अधिकारियों को गत एक सप्ताह से लगातार मोबाइल फोन पर पूछताछ हेतु फोन किया जा रहा है परन्तु फोन रिसीव न हो पाने के कारण मामले में कारवाई की फिलहाल पुष्टि नहीं हो सकी है। इधर सूत्रों से मिल रही जानकारी के मुताबिक अब तक रेन्जर सहित 3 वनकर्मियों पर कार्रवाई की गई है।
अपुष्ट सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक रेंज स्तर के एक अधिकारी को संबद्ध और दो कर्मियों को निलंबित किया गया है। मामले में शारदा रेंज के वन क्षेत्राधिकारी सुनील शर्मा को डिवीजन कार्यालय संबद्ध किया गया है। इसके अलावा एक वन दारोगा मुकेश सिंह तड़ागी और एक वन बीट अधिकारी रवींद्र कुमार को निलंबित किया गया है। वहीं हल्द्वानी की मेघा सिंह को शारदा रेंज का नया रेंजर बनाया गया है। टनकपुर में एक टाल से सागौन के 63 गिल्टे जमीन के अंदर छह अलग-अगल जगहों पर गाड़े हुए बरामद हुए थे। इस मामले मेेंं वन विभाग ने टाल स्वामी के खिलाफ वन अधिनियम में मामला दर्ज किया था। वन विभाग की अभिरक्षा के दौरान टाल स्वामी जगदीश तिवारी के फरार होने के आरोप में टनकपुर कोतवाली में भी मुकदमा दर्ज किया गया था हालांकि इस वन विभाग द्वारा ही आरोपित की गिरफ्तारी की गई थी। बड़ी मात्रा में अवैध लकड़ी के गिल्टे मिलने पर वन विभाग भी हरकत में आया और विभागीय कारवाई की गई जिससे क्षेत्र के वनकर्मियों में खलबली मची है वहीं लकड़ी कारोबारियों में भी हड़कंप मचा हुआ है। मामले में अभी कथित रूप से विभागीय जांच जारी है जानकारी मिलते ही खबर प्रकाशित की जाएगी।
