टनकपुर/चंपावत/लोहाघाट। गत 10 जून को गुमदेश क्षेत्र के एक टैक्सी ड्राइवर के साथ मारपीट कर जूतों की माला पहनाने वाले मामले को लेकर पुलिस जुटी हुईं। मामले में पुलिस ने दो और आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इस तरह अब तक 4 आरोपितों में से कुल तीन आरोपित दबोच लिए हैं। मामले में पुलिस को एक आरोपित की अब भी तलाश है।
जानकारी के मुताबिक पुलिस द्वारा गत 14 जून को आरोपित हरीश सिंह बोहरा को नैनीताल से गिरफ्तार किया गया था। और अब दो अन्य आरोपित वीरेंद्र सिंह और मोहन चंद्र को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक अब बचे सोबन सिंह को दबोचने के लिए दबिश दी जा रही है। एसपी रेखा यादव ने बताया कि आरोपितों को दबोचने के लिए पुलिस की टीम लगाई गई है।
गौरतलब है कि 10 जून को सवारी लेकर दिल्ली जा रहे गुमदेश क्षेत्र के डूंगराबोरा के एक टैक्सी चालक को टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर देवराड़ी बैंड के पास 4 टैक्सी चालकों ने रोक कर गालीगलौज,जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करने के साथ ही मारपीट भी की थी। कम किराये में सवारी ले जाने पर नाराज इन टैक्सी चालकों पर डुंगराबोरा के टैक्सी ड्राइवर को जूतों की माला पहनाकर अपमान करने का भी आरोप है। उक्त घटना का वीडियो भी सार्वजनिक किया गया था। पीड़ित चालक की तहरीर पर गत 12 जून को लोहाघाट निवासी वीरेंद्र सिंह,सोबन सिंह, हरीश सिंह बोहरा और मोहन चंद्र के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के साथ आईटी एक्ट और बीएनएस की धारा 352, 351 (3),133,126, 308 (2)309 (3), 356,152 (2) में मामला दर्ज किया गया था। जिस पर पुलिस ने अब तक तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
