टनकपुर/बनबसा/चंपावत। नेपाल सीमा से बगैर वैध वीजा के भारत में प्रवेश करते अफ्रीकी महाद्वीप के दो नागरिकों को भारतीय सुरक्षा एजेंसियों ने सीमा क्षेत्र में दबोचा। बाइक में सवार हो नेपाल से भारत में प्रवेश करने वाले दोनों से पूछताछ के बाद एसएसबी ने दोनों विदेशियों को पकड़ा साथ ही नेपाल के बाइक सवार पर भी बनबसा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। टनकपुर की कोर्ट में पेश करने के बाद तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में पिथौरागढ़ जिला जेल भेज दिया गया है।
आज गुरुवार 28 अक्टूबर की शाम नेपाल के कंचनपुर महेंद्रनगर से भारत के बनबसा क्षेत्र की ओर बाइक में सवार हो आ रहे जांबिया के दो नागरिकों को एएसएसबी की गड़ीगोठ चौकी में तैनात जवानों ने रोका, इस दौरान पूछ-ताछ में बाइक में सवार दोनों नागरिक कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके। जांबिया के बुकार सिल्लाह (41) पुत्र बुकार लगनासस निवासी डेनियल गॉडर स्ट्रीट जांबिया और लमिना कायरा (38) पुत्र लेमिम निवासी अप्पा लागोस नाइजीरिया के अलावा नेपाल निवासी प्रेम बहादुर भंडारी (44) महेंद्रनगर कंचनपुर के खिलाफ इमीग्रेशन एवं विदेशी अधिनियम की धारा 3 (2), 21 एवं 20 (1) के तहत बनबसा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। जांबिया के दोनों नागरिकों को वीजा के बगैर भारत में क्यों प्रवेश कराया जा रहा था? उनके यहां आने का मकसद क्या था? इन सवालों को लेकर पुलिस जांच कर रही है।
तीनों आरोपियों को आज 29 अक्टूबर को टनकपुर की अदालत में पेश किया गया। जिला शासकीय अधिवक्ता विद्याधर जोशी ने बताया कि तीनों आरोपियों को अदालत ने न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
