टनकपुर/लोहाघाट/चंपावत। दो दिन पूर्व लोहाघाट-पाटी सड़क पर कोलीढेक झील के पास कार की टक्कर से एक मज़दूर बुरी तरह घायल हो गया। घायल मजदूर को आज 28 अक्टूबर को हायर सेंटर ले जाने के दौरान मार्ग पर टनकपुर से कुछ ही पहले बस्तिया के पास मजदूर ने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान मनोज शर्मा (40) पुत्र लोकमान शर्मा निवासी किशनगंज बिहार के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक मृतक के परिवार में तीन बेटियां और एक बेटा है। घटना से परिजनों और साथी मजदूर गहरे सदमे में हैं।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक गत 26 अक्टूबर को मनोज शर्मा कोलीढेक झील के पास सड़क पर हॉटमिक्स कार्य के बाद चूने का छिड़काव कर रहे थे। इसी दौरान मार्ग से होकर गुजर रही एक कार ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल मजदूर को तत्काल लोहाघाट उप जिला अस्पताल लाया गया। जहां प्राथमिक इलाज के बाद मजदूर को घर भेज दिया गया।
इसके बाद 27 अक्टूबर को मजदूर की फिर से हालत बिगड़ गई। बताया गया कि शरीर के कई हिस्सों में अधिक दर्द होने पर उन्हें दोबारा अस्पताल ले जाया गया।
चिकित्सकों ने इलाज के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया जहां ले जाने के दौरान टनकपुर के निकट ग्राम स्तिया के पास उनकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। बताया गया है कि दोनों पक्षों में आपसी सुलह समझौता हो गया है।
