टनकपुर/चम्पावत। इस वर्ष होली से पहले यानी 27 फरवरी से शुरू हुए सुप्रसिद्ध मां पूर्णागिरि धाम के सरकारी मेले की समयसीमा में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। पूर्व निर्धारित तिथि के अनुसार मेला आगामी 15 जून को ही संपन्न होगा। उक्त निर्णय आज 12 जून को श्री पूर्णागिरि तहसील सभागार में हुई प्रशासन,मेला समिति,व्यापारी और विभागीय अधिकारियों की बैठक में लिया गया।
एसडीएम टनकपुर प्रमोद कुमार द्वारा तहसील परिसर में विभिन्न विभागीय अधिकारियों के साथ मेले की समाप्ति को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेले के समापन के बाद आने वाली चुनौतियों,समस्याओं और जरूरी व्यवस्थाओं पर मंत्रणा की गई। निर्णय लिया कि मेला समापन के बाद तीन दिनों तक ककरालीगेट से मुख्य मंदिरा तक पथ प्रकाश की व्यवस्था जारी रहेगी अलबत्ता श्रद्धालुओं की भीड़ जारी रहने पर व्यवस्थाओं को लेकर अगला कदम उठाया जाएगा। इसी प्रकार तीन दिन तक स्वास्थ्य और स्वच्छता टीमें भी कार्य करती रहेंग।इसके अलावा बैठक में मेले के दौरान पेयजल, बिजली, सफाई, स्वास्थ्य, टैक्सी संचालन, पुलिस व्यवस्था आदि की भी समीक्षा की गई।
तहसील परिसर में आयोजित उक्त बैठक में पूर्णागिरि मंदिर समिति के अध्यक्ष पंडित किशन तिवारी, ज्येष्ठ उप प्रमुख भुवन पांडेय, जिला पंचायत के अपर मुख्याधिकारी व मेलाधिकारी अनिल जोशी,सिंचाई विभाग के एसडीओ मनोज तिवारी,वन विभाग की एसडीओ शालिनीजोशी,रेंजर गुलजार हुसैन,एसडीओ बिजली मयंक भट्ट,व्यापार मंडल अध्यक्ष वैभव अग्रवाल,अंकित अग्रवाल, गिरीश वर्मा,वरिष्ठ उप निरीक्षक पूरन सिंह तोमर,सहायक अभियंता मनोज कुमार,परिवहन अधिकारी प्रमोद चौधरी, लोनिवि के अवर अभियंता सागर राजपूत आदि मौजूद थे।
