टनकपुर/चंपावत। स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेली जा रही 26 वीं राज्य स्तरीय विद्यालयी हाकी प्रतियोगिता के दूसरे दिन रविवार को खेले गए अंडर-14 वर्ग का खिताब मेजबान चंपावत के नाम रहा।आज खेले गए फाइनल में चंपावत और अल्मोड़ा की टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ।अंतिम समय तक दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर पाईं।
मुकाबला बराबरी पर छूटने के बाद पेनल्टी शूटआउट में चंपावत ने अल्मोड़ा को पराजित कर दिया। इसी प्रकार अंडर-19 वर्ग में चंपावत ने नैनीताल के विरूद्ध सात गोल दागकर 7-0 से जीत दर्ज की। अंडर-14 के लीग मैच में चंपावत ने नैनीताल को 3-1 से पराजित किया। अंडर-17 में चंपावत ने ऊधमसिंह नगर को 1-0 से हराया, इसी वर्ग में नैनीताल से उसे 0-3 से हार झेलनी पड़ी। अंडर-17 में ही देहरादून ने अल्मोड़ा को 7-0 से पराजित किया तो अंडर-19 में पौड़ी और देहरादून का मैच एक-एक से बराबर रहा। अंडर-19 में अल्मोड़ा-देहरादून और अंडर-17 में पौड़ी-नैनीताल की टीमों के बीच भी मैच खेले गए।
सोमवार को प्रतियोगिता के अंतिम दिन फाइनल मैच खेले जाएंगे।भुवन शंकर पांडेय और सहायक अध्यापिका कल्पना आर्य के संचालन में आयोजित प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल की जिम्मेदारी सुरेंद्र अधिकारी, भूपाल सिंह चुफाल, प्रकाश सिंह, तरुण बेलवाल और अशोक सिंह ठकुराठी ने निभाई। । इस दौरान जिला हाकी संघ चम्पावत के अध्यक्ष हरिशंकर गहतोड़ी, जिला खेल समन्वयक प्रदीप बोरा, उत्तराखंड राज्य हाकी संघ के सचिव भूपाल सिंह चुफाल, जिला हाकी संघ के सचिव संतोष जोशी, नीरज वर्मा, रजित वल्दिया, किशोर जोशी, अमित वर्मा और मुकेश वर्मा आदि मौजूद रहे।
हाकी प्रतियोगिता के दौरान जादू बिखेरते खिलाड़ी ।
