टनकपुर/चंपावत। इन दिनों यहां नवयुवक रामलीला कमेटी टनकपुर द्वारा रामलीला मैदान में भगवान राम की लीला का आयोजन किया जा रहा है। गुरुवार को आयोजित रामलीला के पांचवे दिन भगवान राम के वनवास की लीला का सजीव मंचन किया गया। वन गमन के समय पुत्र वियोग में महाराजा दशरथ का विलाप देख कर बैठे दर्शक भावविभोर नज़र आए।
कलाकारों द्वारा रामलीला की शुरुआत के दृश्य में दिखाया गया कि अयोध्या नरेश महाराजा दशरथ ने विचार किया कि राम को अयोध्या का राजा बनाया जाए। उन्होंने अपने मंत्री सुमंत को बुलाकर बड़े बेटे राम को राजा बनाए जाने के लिये राज्याभिषेक की तैयारी करने का आदेश दिया। यह सूचना जैसे ही महारानी कैकेयी की दासी मंथरा को प्राप्त हुई, मंथरा ने महारानी के कान भरना शुरू कर दिया। महारानी कैकेयी मंथरा की बातों को मानकर राजा दशरथ से अपने पुराने दो वरदान मांगे। राजा दशरथ ने महारानी कैकेयी को दोनों वरदान देने का निर्णय करते हुए कहा कि हम रघुवंशी हैं, हम अपने दिए गए वचन को निभाने के लिए सदैव तत्पर रहते हैं।
कैकेयी ने अपने पुत्र भरत को राजतिलक और कौशल्या पुत्र राम को चौदह वर्ष का वनवास मांगा। यह सूचना जैसे ही भगवान राम को मिली, भगवान राम तुरन्त वन गमन को तैयार हो गए। भगवान राम, सीता और लक्ष्मण के साथ वन गमन करने को प्रस्थान किया। इसके बाद भगवान राम तमसा नदी के किनारे पहुंचे। जहां उन्होंने रात्रि विश्राम किया। वहीं राम सरोवर तालाब पर राम-केवट संवाद का मंचन किया गया।
इस दौरान नवयुवक रामलीला कमेटी के अध्यक्ष पंकज अग्रवाल, संस्थापक विशाल अग्रवाल, नीरज सिंह, बोर्ड अध्यक्ष गौरव गुप्ता, बोर्ड सचिव नितिन गुप्ता, संरक्षक हरीश भट्ट, संजय अग्रवाल, ओंकार सिंह, बद्री प्रसाद शर्मा, उपाध्यक्ष संजय गर्ग, उपाध्यक्ष करन शर्मा, कल्पना आर्य, गीता गुप्ता, सुषमा गुप्ता, आसू गर्ग, कोषाध्यक्ष अमित परवेज सहित नवयुवक रामलीला कमेटी के पदाधिकारी, सदस्य व बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
रामलीला मंचन का दृश्य।
