टनकपुर/चंपावत। इन दिनों पूर्णागिरि मार्ग से लगे वन निगम के डिपो नंबर-तीन के पास नाला निर्माण कार्य चल रहा है। नाला निर्माण कार्य से नायकगोठ ग्राम पंचायत के बोरागोठ गांव में नाले किनारे बसे लगभग 130 गरीब परिवारों के आवासीय घरों पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। आशंकित परिवारों का कहना है कि नाला निर्माण से उनके घरों को हटाना पड़ेगा, जिससे वे बेघर हो जाएंगे।
उक्त समस्या को लेकर सोमवार को ओम महिला क्लस्टर समूह की महिलाएं मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय पहुंची और नाले की जद में आ रहे घरों को न हटाने की गुहार लगाई। महिलाओं ने कहा कि नाले की जद में 130 परिवारों के घर आ रहे हैं। उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन भी सौँपा। इसी बीच कैंप कार्यालय के प्रशासनिक अधिकारी राजपाल चौहान ने मौके पर ही समूह की महिलाओं की जिलाधिकारी चम्पावत से फोन पर वार्ता कराई। महिलाओं ने अपनी समस्या से जिलाधिकारी को अवगत कराया।
डीएम मनीष कुमार ने महिलाओं को आश्वस्त किया कि वे स्वयं उक्त क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। आश्वासन दिया कि गरीब परिवारों के आशियानों को किसी प्रकार का कोई नुकसान नहीं पहुंचाया जाएगा। महिलाओं ने मांग की है कि नाले का निर्माण दूसरी जगह से किया जाए ताकि गरीबों के आशियाने बच जाएं। ज्ञापन सौंपने वाली महिलाओं में सीमा देवी,कौशल्या देवी,रीता देवी,मंजू देवी, रीतू गड़कोटी, ममता देवी, गीता जोशी, चंद्रकला, गंगा देवी, रेनू बोहरा अनीता, विनीता, ललित कापड़ी, जानकी देवी, मंजू मिश्रा, दीपा देवी, भावना भट्ट, कविता भट्ट, कमला महर, कल्पना देवी आदि मौजूद रहीं।
