टनकपुर/देवीधुरा/चम्पावत । वन विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में चंपावत और अल्मोड़ा जिले के सीमवर्ती क्षेत्र से बड़ी मात्रा में लीसा की बरामदगी हुई है। देवीधुरा रेंज के वन क्षेत्राधिकारी दीप चंद्र जोशी ने बताया कि चेकिंग के दौरान ये कामयाबी मिली। बरामदगी वाला क्षेत्र अल्मोड़ा जिले के मोरनौला से लगा होने की वजह से बरामद लीसे और आरोपी को जागेश्वर रेंज की सुपुर्दगी में दे दिया गया है। जागेश्वर रेंज में वन अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज होने के साथ ही आरोपी को कोर्ट में पेश करने हेतु सभी विधिक कार्रवाई अल्मोड़ा वन प्रभाग द्वारा की जा रही है।
वन विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक आज 6 अक्टूबर की सुबह साढ़े 6 बजे मौरनोला शहरफाटक रोड में चेकिंग के दौरान पुलिस एवं वन विभाग की संयुक्त चेकिंग टीम ने मार्ग से होकर गुजर रहे कैंटर को रोकने का इशारा किया। लेकिन रूकने के बजाय कैंटर ने चकमा देकर रफ्तार पकड़ ली। अलबत्ता करीब 500 मीटर दूर हल्के मोड़ में कैंटर कलमठ में तिरछा हो गया और टीम के पीछा करने पर दबोचा लिया गया। तलाशी में कैंटर से करीब 13 लाख रुपये कीमत का 534 टिन अवैध लीसा बरामद हुआ। खुद को यात्री बताने वाले बलवंत सिंह निवासी गंगोलीहाट से हुई शुरुआती पूछताछ के मुताबिक पनार से दनिया होते हुए कैंटर यहां पहुंचा। तलाशी में बलवंत सिंह के पास से वाणिज्यिक ड्राइविंग लाइसेंस मिला है। इससे वन महकमे को बलवंत सिंह के ड्राइवर होने का शक है।
वन क्षेत्राधिकारी देवीधुरा दीप चन्द्र जोशी के मुताबिक
चंपावत के प्रभागीय वनाधिकारी डी पुरुषोत्तमन के निर्देशों के क्रम में वन विभाग यहां से गुजरने वाले वाहनों पर सघन निगरानी रख रहा है। अवैध लीसा देवीधुरा रेंज का नहीं है। जिस मोरनौला क्षेत्र से लीसा लदा वाहन कैंटर पकड़ा गया है, वह क्षेत्र सिविल एवं सोयम वन प्रभाग अल्मोड़ा के जागेश्वर रेंज के अंतर्गत आता है। पकड़े गए व्यक्ति को मय ट्रक जागेश्वर रेंज के अधिकारियों को सौंप दिया गया है।
अल्मोड़ा जिले के मोरनौला में बरामद लीसे से भरा कैंटर।
